खड्डा। घर के पास अमरूद तोड़ने गई किशोरी की करंट से शुक्रवार को मौत हो गई। परिजनों के शोर मचाने पर आसपास के लोग पहुंचे और एसडीओ, जेई को बिजली की सप्लाई बंद करने के लिए फोन करने लगे। लेकिन, किसी का फोन नहीं लगा। इसके बाद लोगों ने बिजली उपकेंद्र के सीयूजी नंबर पर फोन किया। रिंग जाने के बाद भी रिसीव नहीं हुआ। एक लाइनमैन को फोन कर लोगों ने सप्लाई बंद कराई। बिजली निगम के कर्मचारियों के खिलाफ लोगों में आक्रोश है।
नगर के वार्ड नंबर 11 नेहरू नगर निवासी निजामुद्दीन की 16 वर्षीय बेटी रोजी दोपहर में घर के पास अमरूद तोड़ने पेड़ पर चढ़ रही थी। इस दौरान उसके घर में लिए गए कनेक्शन का तार कही कटा था और सरिया में करंट प्रवाहित हो रहा था। इसकी चपेट में आने किशोरी की मौत हो गई। घर वालों के शोर मचाने पर मोहल्ले के लोग पहुंचे और बांस की मदद से उसे बचाने का प्रयास किया। लेकिन सफलता नहीं मिली। निजामुद्दीन ने बताया कि बिजली की सप्लाई बंद करने के लिए एसडीओ और जेई के नंबर पर लोग फोन कर रहे थे। लेकिन दोनों लोगों का नंबर नहीं लग रहा था। बिजली उपकेंद्र के नंबर पर फोन गया, लेकिन कोई रिसीव नहीं किया। अगर समय से बिजली की सप्लाई बंद हो गई होती तो शायद बेटी की जान बच जाती।