खड्डा। स्थानीय कस्बे के महाराणा प्रताप चौक पर सोमवार को ट्रैक्टर-ट्राॅली की चपेट में आने से 13 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सीएचसी तुर्कहा भेजवाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। खड्डा नगर पंचायत के वार्ड संख्या आठ निवासी बबलू वर्मा का 13 वर्षीय पुत्र बिट्टू वर्मा कस्बे के महाराणा प्रताप चौक की तरफ पैदल जा रहा था। इसी दौरान लकड़ी के सामान को लेकर जा रही ट्रैक्टर-ट्राॅली की चपेट में आ गया। घटना देख मौके पर जुटे लोगों ने आनन-फानन में उसे तुर्कहा सीएचसी में भर्ती कराया, जहां गंभीर स्थिति देख डॉक्टर ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना के बाद मौके से ट्रैक्टर चालक फरार हो गया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ट्रैक्टर-ट्राॅली को कब्जे में लेकर कार्रवाई में जुटी हुई है।