पडरौना। जिला स्टेडियम में बने स्वीमिंग पूल में आई तकनीकी दिक्कत दूर कर ली गई है। पानी भरने का कार्य शुरू कर दिया गया है। उसमें केमिकल डालकर पानी को साफ किया जाएगा। सभी तैयारियां रविवार की शाम तक पूरी कर सोमवार से तैराकों के लिए स्वीमिंग पूल खोल दिया जाएगा।
रविंद्रनगर स्थित जिला स्टेडियम में बने तरण ताल में दो सौ से अधिक तैराक अलग-अलग शिफ्ट में एक अप्रैल से करीब सितंबर माह तक नियमित तैराकी का अभ्यास करते हैं। बीते वर्षों की भांति इस वर्ष भी एक अप्रैल से तरण ताल संचालित करने के लिए मार्च में ही तैयारी शुरू कर दी गई थी। तरण ताल की साफ-सफाई और मरम्मत कार्य कर पानी छोड़ने के लिए मोटर चालू किया गया तो उसमेें हुए तकनीकी खराबी के चलते पानी पर्याप्त नहीं मिल पा रहा था। तकनीकी खराब को सही करने के लिए जिले में मिस्त्री नहीं मिल रहे थे। इसको लेकर खेल विभाग के अधिकारियों ने उच्चाधिकारियों से संपर्क कर बाहर से मिस्त्री और उसमें प्रयुक्त होने वाला सामान मंगाया, तब जाकर तकनीकी खराबी दूर की जा सकी। अब तरण ताल में पानी भरने का कार्य कार्य करीब 80 फीसदी तक कर लिया गया है। शनिवार तक पूल में पानी भरने का कार्य पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद इसमें ब्लीचिंग समेत अन्य केमिकल डालकर पानी और तरण ताल की सफाई कर सोमवार से तरण ताल का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। इस संबंध में क्रीड़ाधिकारी रवि निषाद ने बताया कि तरण ताल के संचालन के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पूल में पानी छोड़ने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। सोमवार से इसका संचालन शुरू कर दिया जाएगा।