असंतुष्ट फीडबैक पर त्वरित कार्रवाई के लिए टीम गठित
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। डीएम रमेश रंजन ने जनपद में आए दिन आईजीआरएस, थाना व तहसील समाधान दिवस, जिलाधिकारी एवं उच्च स्तर पर लगातार प्राप्त हो रहीं शिकायतों और विभिन्न न्यायालयों की ओर से पारित आदेशों के पालन के लिए अधिकारी नामित किया है। इसके साथ ही आईजीआरएस के माध्यम से प्राप्त असंतुष्ट फीडबैक पर त्वरित कार्रवाई करते हुए शिकायतों के निस्तारण के लिए टीम गठित की है।
डीएम ने बताया कि गठित टीम की ओर से रोस्टर के अनुसार संबंधित थानों में दोपहर 12 बजे से अपराह्न तीन बजे तक संबंधित तहसील के एसडीएम, सीओ, तहसीलदार एवं थाना प्रभारी निरीक्षक उपस्थित रहकर शिकायतों का निस्तारण करेंगे। इसका तहसीलवार नामित नोडल अधिकारी उपस्थित होकर कार्यों का पर्यवेक्षण किया जाएगा, ताकि लंबित शिकायतों का निस्तारण हो सके।
उन्होंने बताया कि 25 जुलाई 2023 को कोतवाली पडरौना, कसया, कोतवाली हाटा, 26 जुलाई को थाना कुबेरस्थान, चौरा खास, अहिरौली बाजार, 27 जुलाई को थाना जटहां बाजार, पटहेरवा और कोतवाली हाटा, 28 जुलाई को थाना रवींद्रनगर, तुर्कपट्टी एवं अहिरौली बाजार में लंबित आवेदन पत्रों का निस्तारण संबंधित एसडीएम, सीओ, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, थानाध्यक्ष व लेखपाल की उपस्थिति में संपन्न किया जाएगा। इसके लिए सीडीओ गुंजन द्विवेदी को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।
इसी प्रकार 25 जुलाई को थाना कप्तानगंज, तमकुहीराज, खड्डा, 26 जुलाई को थाना रामकोला, विशुनपुरा, हनुमानगंज, 27 जुलाई को थाना कप्तानगंज, तमकुहीराज, नेबुआ नौरंगिया तथा 28 जुलाई को थाना रामकोला, विशुनपुरा एवं खड्डा में लंबित आवेदन पत्रों का निस्तारण एसडीएम, सीओ, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, थानाध्यक्ष व लेखपाल की उपस्थिति में निस्तारण किया जाएगा। इसके लिए एडीएम वित्त एवं राजस्व को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।
उन्होंने समस्त एसडीएम व थानाध्यक्ष से अपेक्षा की है कि भूमि विवाद प्रकरणों में दोनों पक्षों को बुलाकर प्रकरण का निस्तारण कराएं।