काली पट्टी बांधकर किया शिक्षण कार्य
दो पॉलियों में शिक्षण कार्य करने के निर्देश का विरोध कर रहे हैं
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। उदित नारायण इंटर कॉलेज में मंगलवार को उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (एकजुट) से जुड़े शिक्षकों ने काली पट्टी बांधकर शिक्षण कार्य किया। यह शिक्षक शासन की तरफ से दो पॉलियों में शिक्षण कार्य करने के निर्देश का विरोध कर रहे थे। इनका नेतृत्व कर रहे संगठन के प्रदेश महामंत्री राजीव यादव ने कहा कि शिक्षकों से मजदूरों की तरह आठ घंटे काम नहीं लिया जा सकता है। उन्होंने विद्यालयों को पूरी क्षमता के साथ एक पॉली में खोलने की मांग की। जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश शर्मा ने कहा कि जून की छुट्टियों में भी शिक्षकों ने ऑनलाइन शिक्षण कार्य किया है। माध्यमिक विद्यालय गांवों में दूरदराज में हैं। इतनी गर्मी में 12 बजे बच्चों को विद्यालय बुलाना उनकी सेहत के साथ खिलवाड़ करना है। संगठन से जुड़े शिक्षकों ने चेताया कि यदि उनकी मांगें शीघ्र पूरी नहीं हुईं तो बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान रमेश कुमार, आलोक शुक्ल, घनश्याम तिवारी, सुरेश सिंह, शोभीलाल गुप्ता, रेणुबाला सिंह, शालिनी जायसवाल, संजय सिंह, प्रीति श्रीवास्तव, रवि पटेल, सुभाष मिश्र, आनंद शुक्ल आदि मौजूद थे।