छह जून से शुरू होगा ऑॅनलाइन आवेदन, स्थानांतरण प्रक्रिया में लगेगा दो माह
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। परिषदीय विद्यालय के शिक्षकों को अपने जिले के विद्यालयों में तैनाती मिल सकेेगी। इसके लिए शासन की तरफ से अंतरजनपदीय स्थानांतरण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। छह जून से शिक्षकों से आवेदन लिए जाएंगे। आवेदन आने के बाद प्राथमिकता के आधार पर शिक्षकों का स्थानांतरण किया जाएगा। इस स्थानांतरण में जिले के करीब पांच सौ शिक्षकों को लाभ मिलेगा।
जिले में 2464 परिषदीय स्कूल संचालित हैं। इसमें 286 जूनियर 538 संविलयन और 1640 प्राथमिक विद्यालय शामिल हैं। इन विद्यालयों में छह हजार से अधिक शिक्षक कार्यरत हैं। छह जून से स्थानांतरण के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू होगा। यह आवेदन की कार्रवाई 15 दिनों तक चलेगी। आवेदन पत्र का प्रिंट आउट बीएसए कार्यालय में जमा करना होगा। इसके बाद 15 दिन के अंदर शिक्षकों के आवेदन की पात्रता की जांच होगी।
आवेदन सत्यापन के बाद बीएसए एक माह के अंदर जिला स्तरीय समिति से संस्तुति कराएंगे। शिक्षकों के स्थानांतरण संबंधित किसी भी प्रकार की आपत्ति जिला स्तरीय समिति के समक्ष रखी जाएगी। आपत्ति निस्तारण के बाद शिक्षकों का स्थानांतरण होगा। इस प्रकिया में करीब दो माह का समय लगेगा। स्थानांतरण के लिए महिला शिक्षक दो वर्ष और पुरुष शिक्षक पांच वर्ष की सेवा पूर्ण कर लिए हों, वे पात्र होंगे।
जिले में कार्यरत शिक्षकों की संख्या का 10 प्रतिशत ही स्थानांतरण किया जाएगा। पारस्परिक स्थानांतरण में दोनों विद्यालयों के शिक्षकों की सहमति अनिवार्य है। अंतरजनपदीय स्थानांतरण ग्रामीण सेवा संवर्ग से ग्रामीण सेवा संवर्ग एवं नगर सेवा से नगर सेवा संवर्ग में किया जाएगा।
कोट
शिक्षकों का जिले में स्थानांतरण किया जाना है। इसके लिए छह जून से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू होगी। उसके बाद आवेदन पत्रों की जांच होगी। आपत्ति मांगी जाएगी, फिर कमेटी की संस्तुति के बाद आगे जैसा निर्देश आएगा उसके अनुसार स्थानांतरण किया जाएगा।
- डॉ. सत्यप्रकाश त्रिपाठी, एडी (बेसिक)