कसया/ मल्लूडीह। क्षेत्र के एक इंटर कॉलेज में छात्रा से दुष्कर्म करने के आरोपी शिक्षक को बुधवार को जेल भेज दिया गया। अब पुलिस कॉलेज के निलंबित प्रधानाचार्य अन्य शिक्षकों और अन्य कर्मचारियों का बयान दर्ज करेगी। यहां दूसरे दिन भी पुलिस तैनात रही। कोई छात्र स्कूल नहीं पहुंचा। अभिभावकों को बुलाकर बैठकर करने का प्रयास शिक्षकों ने किया, लेकिन वे भी कॉलेज जाने से मना कर दिए। लोगों का कहना है कि पूरे कॉलेज के स्टाॅफ को बदला जाए तो बच्चों को कॉलेज भेजने के बारे में सोचा जाएगा। कसया थाना क्षेत्र के एक कॉलेज में 12वी में पढ़ने वाली छात्रा के साथ चार अप्रैल को स्काउट-गाइड कक्ष में शिक्षक मैनुद्दीन अंसारी ने दुष्कर्म किया। इसका वीडियो सोमवार की रात सोशल मीडिया पर वॉयरल हो गया। मंगलवार को आक्रोशित अभिभावक और एबीवीपी कार्यकर्ता कॉलेज पर पहुंच गए। कार्रवाई सार्वजनिक नहीं होने पर हाईवे का सर्विस लेन जाम कर दिए। दो घंटे तक पुलिस और नाराज लोगों के बीच वार्ता चली तो लोग शांत हुए। पुलिस इस मामले में आरोपी शिक्षक को जेल भेज दिया। कॉलेज के शिक्षकों के अलावा सभी कर्मचारी, निलंबित प्रधानाचार्य का बयान भी दर्ज करेगी। छात्रा का कलमबंद बयान और मेडिकल की प्रक्रिया पुलिस ने शुरू कर दिया है। बुधवार को सुबह शिक्षक कॉलेज पर पहुंचे। एक दरोगा और सिपाही भी मौजूद रहे, लेकिन एक भी विद्यार्थी कॉलेज पर नहीं आए। शिक्षकों ने दोपहर में बच्चों को कॉलेज भेजने के लिए गांव के कुछ संभ्रांत लोग और अभिभावकों के साथ बैठक करने का प्रयास किया, लेकिन लोगों ने मना कर दिया। अभिभावकों की मानें तो कॉलेज के स्टाफ को बदला जाए तो लोग पढ़ने के लिए बच्चों को भेजेंगे। शिक्षक की ऐसी करतूत से अब विश्वास नहीं हो रहा है कि बच्चे इस कॉलेज में सुरक्षित हैं।