हाटा-कप्तानगंज मार्ग स्थित सेंट्रल बैंक के समीप बाइक सवार को टैंकर ने रौंदा।
मथौली। नगर पंचायत मथौली में हाटा-कप्तानगंज मार्ग पर स्थित सेंट्रल बैंक के समीप बाइक सवार किशोर को टैंकर ने रौंद दिया। हादसे में किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। लोगों की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोतीचक लाया गया। डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। इलाज के दौरान उसकी मौत गई। टैंकर लेकर भाग रहे चालक को गांववालों ने पकड़कर पुलिस को सौंप दिया।
कप्तानगंज थाना क्षेत्र के अजीजनगर निवासी समीर (16) पुत्र खुर्शीद मंगलवार की दोपहर मथौली कस्बे से बाइक से घर जा रहा था। कस्बे के सेंट्रल बैंक के समीप मथौली-कप्तानगंज मार्ग पर सामने से आ रहे टैंकर ने समीर को रौंद दिया। गांव के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े और भाग रहे टैंकर चालक को पकड़ पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस को उसे सौंप दिया। वहीं, हादसे में घायल किशोर का दोनों पैर बुरी तरह से चोटिल हो गया। आसपास के लोगों व गांववालों की मदद से घायल को उपचार के लिए सीएचसी पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।