कुशीनगर महोत्सव में नृत्य प्रस्तुत करतीं अभिनेत्री पूनम दुबे ।
- फोटो : KUSHINAGAR
कुशीनगर महोत्सव से प्रतिभाओं को मिल रहा मंच
तुर्कपट्टी (कुशीनगर)। प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री व प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष शिवपाल यादव ने कहा कि ग्रामीण अंचल में आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम निसंदेह मील का पत्थर साबित होगा। कुशीनगर महोत्सव जैसे आयोजन से क्षेत्रीय प्रतिभाओं को निखारने में मदद मिलती है। स्थानीय संस्कृति का प्रचार होता है। वह तुर्कपट्टी में पांच दिनों से चल रहे कुशीनगर महोत्सव के समापन पर रविवार की रात मौजूद लोगों को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। फाजिलनगर के विधायक गंगा सिंह कुशवाहा ने अतिथियों का स्वागत किया। आयोजक विनय राय व उनकी टीम को कार्यक्रम सकुशल संपन्न कराने के लिए बधाई दी। भोजपुरी फिल्मों की नायिका पूनम दूबे ने साड़ियां हम ना पहिनेब पर दर्शकों को खूब नचाया, निशा दूबे ने जब गाया लगाहि दिही..., कबले लगन लागी को खूब पसंद किया गया। दीपक दिलदार और भोजपुरी गायिका व अभिनेत्री अक्षरा सिंह ने अपने गीतों से लोगों को झूमने के लिए मजबूर कर दिया। मथुरा से आए कलाकारों ने बरसाने की होली और रासलीला का मंचन कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में हाथी नृत्य देख दर्शक रोमांचित हो गए।