लोकसभा चुनाव के लिए चल रहे नामांकन के तीसरे दिन राष्ट्रीय शोषित समाज पार्टी के अध्यक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य ने नामांकन पत्र दाखिल किया। उन्होंने तीन सेट में नामांकन किया है। नामांकन करने के बाद वह पडरौना शहर के एक होटल में आयोजित आरएसएसपी के कार्यकर्ता सम्मेलन में पहुंचे।
उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा सरकार संविधान विरोधी है। वह आरक्षण को खत्म करना चाहती है। यह चुनाव बाबा साहब डॉ. आंबेडकर के सपनों व उनके विचारों को बचाने का चुनाव है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वादा खिलाफी को देश की जनता अच्छी तरह जान गई है।
पूंजीपतियों व सामंतवादियों को बढ़ावा देने वाली इस सरकार ने आम आदमी का जीना दुश्वार कर दिया है। देश में बढ़ती महंगाई व बेरोजगारी ने देश की अर्थव्यवस्था को बदहाली की कगार पर लाकर खड़ा कर दिया है।