तमकुहीरोड। थावे-कप्तानगंज रेलमार्ग चल रहीं पांच समर स्पेशल साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेनों में 05060-05059 लालकुआं-हावड़ा एक्सप्रेस अपना 10वां फेरा पूराकर रविवार को बन्द हो गई। इस ट्रेन को 25 अप्रैल से 28 जून के बीच 10 फेरा के लिए चलाये जाने की मंजूरी पूर्वोत्तर रेलवे ने दी थी। जबकि 05323-05324 छपरा-आनंद विहार टर्मिनल समर स्पेशल ट्रेन 27 जून को ही बंद हो चुकी है। यात्रियों का कहना है कि उत्तराखंड में इस क्षेत्र से बड़ी संख्या में कामगार रोजी-रोटी के लिए आते-जाते है। इस ट्रेन के बंद हो जाने से उनकी परेशानी बढ़ेगी।
पूर्वोत्तर रेलवे ने गर्मी में यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने के उद्देश्य से कप्तानगंज-थावे रेलमार्ग पर पांच समर स्पेशल ट्रेनों को चलाए जाने की मंजूरी दी थी। इसमे 05323-05324 छपरा-आनंद विहार टर्मिनल समर स्पेशल ट्रेन 29 अप्रैल से 25 जून के बीच नौ फेरा के लिए, 05305-05306 छपरा-आनंद विहार टर्मिनल समर स्पेशल 30 अप्रैल से 29 जून के बीच 18 फेरा के लिए, 05317-05318 छपरा-आनंद विहार टर्मिनल समर स्पेशल 27 अप्रैल से 30 जून के बीच 10 फेरा के लिए तो चौथी समर स्पेशल ट्रेन 05059-05060 लालकुआं-हावड़ा समर स्पेशल 25 अप्रैल से 28 जून के बीच 10 फेरा के लिए और पांचवीं 05049-05050 छपरा- अमृतसर समर स्पेशल 26 अप्रैल से 29 जून के बीच 10 फेरा के लिए शामिल है।
इन पांचों समर स्पेशल ट्रेनों में पहली समर स्पेशल 05323-05324 छपरा-आनंद विहार टर्मिनल 27 जून को अपना अंतिम फेरा पूरी कर बंद हो गई तो दूसरी 05060-05059 लालकुआं-हावड़ा समर स्पेशल ट्रेन रविवार को अपना अंतिम फेरा पूरी कर बंद हो गई है। यह ट्रेन हावड़ा से चलकर रविवार को सुबह 4.22 बजे सिवान, 4.57 बजे थावे, 6.05 बजे तमकुहीरोड, 6.32 बजे पडरौना और 7.11 बजे कप्तानगंज पहुंची और उसके बाद लालकुआं के लिए रवाना हो गई।
यात्रियों का कहना है कि उत्तराखंड औद्योगिक व कृषि सम्पन्न राज्य है, जहां इस क्षेत्र के सैकड़ों कामगार रोजी रोटी की तलाश में आते-जाते रहते हैं। इस ट्रेन के बंद हो जाने से उनकी यात्रा प्रभावित होगी। क्षेत्र के दीनबंधु जायसवाल, दुर्गेश मद्धेशिया, लवकुश गुप्ता, देवता वर्मा, राहुल सोनी आदि ने रेल प्रशासन से लालकुआं-हावड़ा समर स्पेशल ट्रेन को इस रूट पर स्थायी रूप से चलाए जाने की मांग की है।