पडरौना। सुकरौली नगर पंचायत के सभासदों ने शुक्रवार को डीएम को अपनी समस्याओं से संबंधित ज्ञापन सौंप कर जांच की मांग की। सभासदों ने नगर पंचायत अध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी पर मनमाने ढंग से कार्य करने का आरोप लगाया।
ज्ञापन में सभासदों ने आरोप लगाया है कि विकास संबंधित कार्यों में जनता से जुड़ी हुई समस्याओं पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। टेंडर और निर्माण कार्य में धांधली की जा रही है। विकास योजनाओं को लेकर सभासदों से कोई वार्ता नहीं की जा रही है। बोर्ड के सदस्य होने के कारण नगर पंचायत की विकास परियोजनाओं पर सभासदों की राय लेने का नियम है, लेकिन सभासदों की बात न सुन कर अध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी मनमानी पर उतारू हैं। इसकी जांच होनी चाहिए। डीएम ने सभासदों को जांच का भरोसा दिया और विकास परियोजनाओं में कोई भेदभाव नहीं होने देने की बात कही। इस दौरान सभासद सुरेश यादव, संजीव यादव, गंगाधर मिश्र, अर्जुन पटेल, कृष्णा जायसवाल, सत्यप्रकाश गुप्ता, कमलेश सिंह, मोहन सिंह आदि शामिल रहे।