कसया। बुद्ध पीजी कॉलेज कुशीनगर का प्रशासनिक भवन में ताला बंद कर बृहस्पतिवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। इसमें छात्र नेताओं ने विश्वविद्यालय की तरफ से निर्धारित बैक पेपर परीक्षा शुल्क से अधिक लेने का आरोप लगाते हुए उसे वापस करने की मांग की।
जिला के संगठन मंत्री अमन ने कहा की महाविद्यालय के कई छात्र-छात्राएं गरीब परिवार से हैं। उनके अभिभावकों की आर्थिक स्थिति कमजोर है। इससे अधिक शुल्क देने में असमर्थ हैं। ऐसे में कॉलेज प्रशासन की तरफ से लिए जा रहे अतिरिक्त शुल्क को वापस करना चाहिए।
उन्होंने चेताया कि यदि कॉलेज प्रशासन विद्यार्थियों का शुल्क वापस नहीं किया तो आंदोलन किया जाएगा। इस संबंध में प्राचार्य प्रोफेसर सिद्धार्थ पांडेय ने कहा कि पूर्व के नोटिस के हिसाब से शुल्क लिया गया था। विश्वविद्यालय ने बाद में नोटिस मिलने पर छात्रों से लिया गया पैसा वापस कर दिया गया है। इस दौरान नगर मंत्री प्रशांत राय, नगर सह मंत्री राजन मद्धेशिया, तनुज जयसवाल, तनुज पाठक, नीतीश मद्धेशिया, कलीम अंसारी आदि मौजूद रहे।