कसया। गोली लगने से घायल छात्र की शनिवार की शाम इलाज के दौरान मौत हो गई। इसकी खबर मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई और घर वालों में चीख-पुकार मच गई। पुलिस इस मामले में हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था। घर वाले गोरखपुर से शव लेकर घर के लिए चल दिए हैं।
कसया थाना क्षेत्र के नादह गांव प्रीतम टोला निवासी हरिहर सिंह का 17 वर्षीय बेटा अंकुश पटेल शुक्रवार की शाम मीट लाने साइकिल से नादह हेड चौराहा पर गया था। मीट खरीदने के दौरान बाइक सवार रामकोला थाना क्षेत्र के पथरदेवा गांव निवासी अभिजीत गोविंद राव उर्फ रवि ने पीछे से तीन गोली मार दिया। गोली अंकुश के पीठ, गर्दन और अंगूठे में जा लगी। घटना को अंजाम देने के बाद युवक बाइक छोड़कर असलहा लहराते हुए खेतों के रास्ते भाग निकला। नाराज लोगोंं ने आरोपी की बाइक को आग के हवाले कर दिया। सक्रिय हुई पुलिस ने आरोपी रवि को देर रात को गिरफ्तार कर लिया और हरिहर सिंह की तहरीर पर हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर लिया है। गंभीर रूप से घायल अंकुश को मेडिकल कॉलेज गोरखपुर के डॉक्टरों ने देर रात को लखनऊ के लिए रेफर कर दिया। घर वाले वहां से उसे लेकर गोरखपुर तारा मंडल के एक निजी अस्पताल में चले गए। इलाज के दौरान छात्र की शनिवार की देर रात मौत हो गई। इसकी खबर मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई और घर वालों मेंं चीख-पुकार मच गई,दरवाजे गांव वालों की भीड़ जुट गई। सीओ कुंदन सिंह ने बताया कि छात्र की इलाज के दौरान मौत हो गई है। दर्ज केस में धाराएं बढ़ा ली जाएंगी। परिजन शव लेकर गोरखपुर से आ रहे हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा।
-
चचेरे भाई राजन को समझ अंकुश पर पीछे से चला दी थी गोली
-छात्र अंकुश तीन भाईयों में दूसरे नंबर का था। इसके पिता हरियाणा के किसी कंपनी में काम करते थे। रविंद्र नगर के एक कॉलेज में 11 वी का छात्र अंकुश था। इसके चचेरे भाई राजन और रवि के बीच आपसी गुटबाजी को लेकर विवाद था। रवि नादह हेड चौराहा पर उसकी तलाश करते हुए शाम को गया था। अंकुश दुकान पर मीट खरीद रहा था। इसे राजन समझ कर रवि ने पीछे से तीन राउंड गोली चलाकर फरार हो गया। हरिहर ने बताया कि नाहक में बेटे की जान चली गई, इससे किसी का कोई विवाद नहीं था। इस घटना को लेकर नादह गांव के प्रीतम टोला के लोगों में काफी आक्रोश है।