कोटवा बाजार। यूपी पुलिस की परीक्षा देकर घर लौट रही नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के सिरसिया गांव निवासी युवती बाइक से गिरकर घायल हो गई थी। परिजनों ने उसे बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में भर्ती कराया, जहां से उसे गंभीर स्थिति में लखनऊ रेफर किया गया। लखनऊ ले जाते समय युवती की मौत हो गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के सिरसिया निवासी राजेश सिंह ने अपनी 19 वर्षीय पुत्री जिज्ञासा सिंह को महराजगंज के कैंपियरगंज से यूपीपी की परीक्षा दिलाकर शुक्रवार की शाम बाइक से घर लौट रहे थे। जिज्ञासा सिंह अचानक बाइक से गिरकर घायल हो गई। परिजनों ने बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में भर्ती कराया। सुधार नहीं होने पर डॉक्टरों ने ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। एंबुलेंस से लखनऊ ले जाते समय उसकी रास्ते में मौत हो गई। शनिवार की सुबह जिज्ञासा का शव घर पहुंचा तो परिजनों में चीख-पुकार मच गई। दोपहर बाद युवती के शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।