संवाद न्यूज एजेंसी
साखोपार। कुशीनगर नगर पालिका परिषद कार्यालय में रविवार को नगर के बुद्धिजीवी वर्गों की बैठक हुई। इसमें नगर की सड़कों पर हुआ अतिक्रमण हटाकर नगर को स्वच्छ बनाकर त्योहार सौहार्दपूर्ण मनाने की रणनीति बनाई गई।
अधिवक्ता त्रिलोकी नाथ श्रीवास्तव ने कहा कि नगर को स्वच्छ बनाना सभी नगरवासियों की नैतिक जिम्मेदारी है। नगर में लग रहे जाम से निजात पाने के लिए पार्किंग स्थल जरूरी है। खरीदारी करने आए लोग कहीं भी गाड़ी खड़ी कर देते हैं, जिससे जाम लग जाता है। उन्होंने नगर के वेनेट क्लब के पदाधिकारियों से बात कर वहां न्यूनतम दर पर पार्किंग स्थल बनाने की पहल की। अध्यापक वर्ग के सुमित त्रिपाठी ने महिलाओं के प्रसाधन का प्रस्ताव रखा। संतोष दत्त राय ने विभिन्न गांवों में हो रहे प्लाटिंग में चौड़ी सड़क की सुविधा देकर प्लाट बेचने की अपील की।
बैठक में अनिल पति त्रिपाठी, राधे विश्वकर्मा, कुन्नू जायसवाल, कृष्ण कांत तिवारी आदि ने विचार रखे। अध्यक्ष प्रतिनिधि राकेश जायसवाल ने आश्वासन देते हुए सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के आगे कूड़ेदान रखवाने, नाली में कूड़ा डालने वाले पर 500 रुपये का जुर्माना लगाने की बात कही। बैठक का संचालन दिनेश तिवारी ने किया। अंत में ईओ अंकिता शुक्ला ने सभी के प्रति आभार जताया।