पडरौना। कलक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को डीएम की अध्यक्षता में स्टीयरिंग कमेटी की बैठक हुई। इसमें बरसात के मौसम में बाढ़ बचाव के इंतजामों पर चर्चा कर बाढ़ से निपटने की रणनीति बनाई गई।
डीएम उमेश मिश्र ने बाढ़ प्रभावित गांव और संवेदनशील तटबंधों के बारे में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने पिछले वर्ष बैराज से छोड़े जाने वाले पानी की मात्रा और विभिन्न परिक्षेत्रों में ड्रेन की साफ-सफाई के बारे में जाना। उन्होंने सभी ड्रेनेज की साफ-सफाई समय से पहले करा लेने की हिदायत दी। सफाई का कार्य मनरेगा के तहत भी कराया जा सकता है। बाढ़ से निपटने के लिए कराए गए सभी कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। इस दौरान सीडीओ गुंजन द्विवेदी, डीसी मनरेगा राकेश, बाढ़ खंड अधिशासी अधिकारी महेश कुमार, हाटा एसडीएम प्रभाकर सिंह, आपदा विशेषज्ञ रवि कुमार राय आदि मौजूद रहे।