पकवा इनार/कसया। कुशीनगर पालिका क्षेत्र के सपहां में नया स्टेडियम बनेगा। इसके अलावा बुद्ध इंटर कॉलेज के स्टेडियम का कायाकल्प होगा। खेल एवं युवा कल्याण विभाग के प्रमुख सचिव आलोक कुमार ने शनिवार को सुबह विधायक पीएन पाठक और ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अंकिता जैन के साथ बुद्ध इंटर कॉलेज के स्टेडियम का निरीक्षण किया। विधायक ने प्रमुख सचिव को स्टेडियम के कायाकल्प करने के लिए प्रस्ताव दिया था।
मौजूदा समय में बुद्ध इंटर कॉलेज के स्टेडियम की चहारदीवारी समेत अन्य भवन जर्जर हो चुके हैं। उनकी मरम्मत या जीर्णोद्धार की आवश्यकता है। स्टेडियम में खेल के अलावा सरकारी और गैर-सरकारी कार्यक्रम भी होते रहते हैं। राजनीतिक जनसभाएं, प्रदर्शनी, मेला समेत अनेक विविध कार्यों में स्टेडियम का उपयोग किया जाता जा रहा है। वहीं, सपहां में पांच एकड़ से अधिक भूमि पर अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त स्टेडियम निर्माण के लिए प्रमुख सचिव आलोक ने मौका मुआयना किया।
इसके पूर्व प्रमुख सचिव ने मुख्य महापरिनिर्वाण मंदिर में महात्मा बुद्ध की प्रतिमा पर चीवर चढ़ाया और विशेष पूजा-अर्चना की। बुद्ध के अंतिम संस्कार स्थल रामाभार स्तूप का भी दर्शन किया। थाई वास्तु कला का अद्भुत नमूना थाई मंदिर का भी अवलोकन किया। स्वर्ण आभायुक्त चैत्य को देखा। मंदिर के अंदर प्राकृतिक सौंदर्य की सराहना की। इस दौरान चेयरमैन प्रतिनिधि राकेश जायसवाल, ईओ शैलेंद्र कुमार मिश्र, सुमित त्रिपाठी, श्रवण तिवारी, नीतीश यादव, ध्रुव मद्धेशिया, अजहरुद्दीन आदि मौजूद रहे।