युवाओं को खेल प्रोत्साहन, मनरेगा मजदूरों को गांव में काम दे रही सरकार : सतीश चंद्र शर्मा
- जिले के प्रभारी मंत्री ने रामपुर बगहा में किया मिनी स्टेडियम का शिलान्यास
- राज्यमंत्री और अधिकारियों ने चलाया फावड़ा, कराया निर्माण कार्य का भूमि पूजन
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना/ रामकोला। रामकोला विकास खंड के रामपुर बगहा में बुधवार को जिले के प्रभारी मंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने मिनी स्टेडियम का शिलान्यास किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि 70 जिलों में आज के दिन एक साथ मिनी स्टेडियम का शिलान्यास किया जा रहा है। प्रदेश सरकार युवाओं को खेल प्रोत्साहन और मनरेगा मजदूरों को गांव में काम दे रही है। इससे मजदूर खुशहाल हो रहे हैं। गरीबों को देश में निशुल्क खाद्यान्न दिया जा रहा है।
कार्यक्रम में अपने संबोधन के पहले प्रभारी मंत्री ने मिनी खेल स्टेडियम की भूमि का विधिवत पूजन अर्चन किया। इसके बाद फावड़ा चलाकर मिनी स्टेडियम के निर्माण कार्य की अधारशिला रखी। उनके साथ मौजूद अधिकारियों ने फावड़ा चलाकर विकास कार्य को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
इस दौरान उन्होंने अच्छे कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सौ दिन पूरे करने वाले मनरेगा मजदूरों, दिव्यांगजनों सहित अन्य योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र भी दिया। उन्होंने रामकोला विधायक विनय प्रकाश गोंड़ की सराहना की। कार्यक्रम में खड्डा के विधायक विवेकानंद पांडेय, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेमचंद मिश्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रदीप जायसवाल, डीएम रमेश रंजन,एसपी धवल जायसवाल, सीडीओ गुंजन द्विवेदी, एसडीएम रत्निका श्रीवास्तव, बीडियो उषा पाल, राधेश्याम दीक्षित, मंडलध्यक्ष रामदेव कुशवाहा, अनूप श्रीवास्तव, ग्राम प्रधान मंत्रीरा देवी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।