तमकुहीरोड। कप्तानगंज-थावे रेल मार्ग पर समय विस्तार के बाद चार फेरा के लिए चल रही छपरा-शहीद कैप्टन तुषार महाजन (उधमपुर) साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन 30 सितंबर को अंतिम फेरा पूरा कर बंद हो जाएगी। क्षेत्र के लोग दुर्गा पूजा, दशहरा, दीपावली और छठ जैसे महत्वपूर्ण त्योहारों को देखते हुए इस ट्रेन को विस्तार देन की मांग की।
पूर्वोत्तर रेलवे ने कप्तानगंज-थावे रेलमार्ग के यात्रियों की यातायात सुविधा के लिए पहले 10 अगस्त से दो सितंबर के बीच चार फेरों के लिए छपरा से शहीद कैप्टन तुषार महाजन (उधमपुर) तक साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन चलाए जाने को हरी झंडी दी थी। यह ट्रेन प्रत्येक शनिवार छपरा से और प्रत्येक सोमवार उधमपुर से चलती है। पूर्वोत्तर रेलवे ने निर्धारित चौथा फेरा पूरी होने से पहले ही इस रूट के लिए इस ट्रेन की उपयोगिता को देखते हुए चार फेरा के लिए समय विस्तार देते हुए 30 सितंबर तक चलाए जाने को मंजूरी दी।
क्षेत्र के लोगों का कहना है कि अगले महीने दुर्गा पूजा, दशहरा, दीपावली और छठ जैसे महत्वपूर्ण त्योहार पड़ने वाले हैं। इन पर्वों को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे ने पहले ही लालकुआं-हावड़ा साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन का फेरा 30 नवंबर तक बढ़ा दिया गया है। छपरा-अमृतसर स्पेशल ट्रेन को दोबारा 20 सितंबर से 30 नवंबर के बीच 11 फेरों के लिए परिचालन भी शुरू कर दिया गया है।
30 सितंबर को छपरा-शहीद कैप्टन तुषार महाजन (उधमपुर) सपेशल ट्रेन बंद होने से उधमपुर, जम्मूतवी, पठानकोट, जालंधर, अम्बाला, सहारनपुर, रुढ़की, मुरादाबाद सहित अन्य औद्योगिक नगरों में त्योहारों पर घर आने वाले लोगों को परेशानी होगी। क्षेत्र के छोटेलाल वर्मा, पप्पू जायसवाल, दिवाकर दत्त, शुकदेव रौनियार, अजय गुप्ता, राहुल सोनी, रामजी कसेरा आदि ने रेल प्रशासन से 30 सितंबर को बंद होने वाली इस स्पेशल ट्रेन का समय विस्तार कर उसका परिचालन जारी रखे जाने की मांग की है।