छपरा कचहरी से आनंद विहार तक चलेगी ट्रेन
- 17 मार्च को छपरा कचहरी से विशेेष गाड़ी का संचालन होगा शुरू
- दिल्ली जाने वाले यात्रियों को मिलेगी सहूलियत
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना/ तमकुहीरोड। होली की छुुट्टी के बाद वापस लौटने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे प्रशासन ने एक ट्रेन चलाने की अनुमति दी है। कप्तानगंज थावे रेल मार्ग पर छपरा कचहरी से आनंद विहार तक होली स्पेशल ट्रेन एक फेरे में चलेगी। ट्रेन का संचालन शुक्रवार को शुरू होगा। रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी वाराणसी अशोक कुमार ने बताया कि इससे यात्रियों को सहूलियत मिलेगी।
पूर्वोत्तर रेलवे की तरफ से जारी सूचना के अनुसार होली स्पेशल 05101/05102 छपरा कचहरी-आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस ट्रेन 17 मार्च को छपरा कचहरी और 18 मार्च को आनंद विहार टर्मिनल से चलेगी। 17 मार्च को ट्रेन नंबर 05101 छपरा कचहरी से सुबह 8.00 बजे चलेगी। इसके बाद वह सुबह 8.28 बजे मढ़ौरा, 8.50 बजे मशरख, 9.23 बजे दिघवा दिगौली, 9.40 बजे सिधवलिया, 10.40 बजे थावे, 11.42 बजे तमकुहीरोड, 12.18 बजे पडरौना, 13.05 बजे कप्तानगंज, 14.25 बजे गोरखपुर, 15.18 बजे खलीलाबाद,15.45 बस्ती, 17.05 बजे गोंडा, 18.18 बजे बुढ़वल, 21.10 बजे सीतापुर, 00.00 बजे बरेली, 1.40 बजे मुरादाबाद, 4.20 बजे गाजियाबाद और 5.00 बजे आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी।
वहां से वापसी में 18 मार्च को ट्रेन नंबर 05102 आनंद विहार टर्मिनल से सुबह सात बजे से चलकर 22.20 बजे गोरखपुर, 23.26 बजे कप्तानगंज, 00.12 बजे कप्तानगंज, 00.50 बजे तमकुहीरोड होते हुए 4.40 बजे छपरा कचहरी पहुंचेगी। इस ट्रेन के चलाए जाने पर क्षेत्र के अशोक कुमार वर्मा, जयंज गुप्ता, बैजनाथ मद्धेशिया, राहुल सोनी, ध्रुव निषाद, प्रभु प्रजापति आदि ने खुशी जताई है। लोगों का कहना है कि इस तरह से स्थायी रूप से कप्तानगंज थावे रूट पर दिल्ली तक ट्रेन चलाए जाने की जरूरत है।
इस संबंध में पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि यात्रियों की सुविधा को देखते हुए इस ट्रेन को छपरा व आनंद विहार से एक फेरे में चलाने की मंजूरी दी गई है।