खड्डा। सात वर्षीय बालिका से हैवानियत करने वाले 55 वर्षीय आरोपी के खिलाफ रेप व पॉक्सो एक्ट की धारा में केस दर्ज करने के बाद पुलिस ने रविवार को उसे जेल भिजवा दिया। मासूम का मेडिकल परिक्षण कराया जा रहा है। मामला दो समुदाय से जुड़ा होने से गांव में पुलिस फोर्स की तैनाती की गई है और लोगों पर नजर रखी जा रही है।
खड्डा थाना क्षेत्र के एक गांव की सात वर्षीय बच्ची को दूसरे गांव कोहरगड्डी का निवासी आरोपी कलीमुल्लाह मछली दिलाने का झांसा देकर अपने साथ नहर की पटरी पर ले गया और वहां झाड़ियों में उसके साथ दुष्कर्म कर रहा था। बच्ची की चीख सुनकर उधर से गुजर रहे राहगीर वहां पहुंच गए और मासूम को आरोपी के चंगुल से बचाया। राहगीरों ने आरोपी को मौके से पकड़ लिया। इसके बाद लोगों की भीड़ जुट गई और आरोपी अधेड़ को रस्सी से बांधकर गांव में ले जाकर बंधक बना लिया गया। मामला दो समुदाय का होने के चलते यह प्रकरण सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा।
सूचना मिलने पर खड्डा पुलिस गांव में पहुंच गई और आरोपी को लोगों के गिरफ्त से बचाने की कोशिश करने लगी, लेकिन भीड़ मानने को तैयार नहीं थी। बाद में एसडीएम व सीओ अतिरिक्त फोर्स के साथ पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर आरोपी को पुलिस हिरासत में सौंप दिया। बच्ची व परिजनों के बयान तथा तहरीर के आधार पर आरोपी कलीमुल्लाह निवासी कोहरगड्डी के खिलाफ दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट में केस दर्ज कर रविवार को उसे जेल भेज दिया गया। इस संबंध में एसओ खड्डा अनिल कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी कलीमुल्लाह के खिलाफ केस दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है। मामला दो समुदाय से जुड़ा होने के चलते गांव पर नजर रखी जा रही है। बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है।