टेकुआटार। कसया थाना क्षेत्र के गांव गोबरही में रविवार की देर रात आग लग गई। छह झोपड़ियां जलकर राख हो गई। जबकि उसमें बांधी गईं पांच बकरियां जल मरीं। झोपड़ियों से बकरियों को निकालने के दौरान एक महिला भी बुरी तरह झुलस गई। आसपास के लोगों ने महिला को बचाते हुए उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भेजवाया। सूचना देने के घंटों बाद भी फायर ब्रिगेड की गाड़ी गांव में नहीं पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद गांववालों ने आग पर काबू पाया।
गांव के प्रभु राजभर की झोपड़ी में रविवार की रात आग की उठ रही लपटों को देख गांव के लोग शोर मचाने लगे। शोर सुनकर झोपड़ी में सोए परिजन किसी तरह जान बचाकर बाहर निकले। थोड़ी ही देर में आग ने बगल के सुदर्शन, बाबूलाल, छेदी, महंथ व पंजाबी की झोपड़ियों को भी चपेट में ले लिया। झोपड़ी में बंधी पांच बकरियों को निकालने गई प्रभु की पत्नी उर्मिला (35) बुरी तरह झुलस गई। किसी तरह गांववालों ने उर्मिला को बाहर निकालकर मेडिकल कॉलेज भेजवाया। दो साइकिल व घर-गृहस्थी का सारा सामान नष्ट हो गया। जबकि पांच बकरियों की जलकर मौत हो गई। गांववालों ने अथक परिश्रम कर आग पर काबू पाया।