पडरौना। एक भी टीबी मरीज नहीं मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से छह ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त घोषित किया गया है। दो अक्तूबर महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर टीबी मुक्त ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधानों को डीएम विशाल भारद्वाज प्रशस्ति पत्र आदि देकर सम्मानित करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साल 2025 तक देश को टीबी मुक्त करने का संकल्प लिया है। पीएम के इस संकल्प को पूरा करने को लेकर स्वास्थ्य विभाग की ओर से अनेक योजनाएं चलाईं जा रहीं हैं। सीएमओ डॉ. सुरेश पटारिया ने बताया कि पीएम के संकल्प को पूरा करने के लिए राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के तहत टीबी मुक्त ग्राम पंचायत अभियान चलाया गया था। इसमें पडरौना ब्लॉक के बहादुरगंज, विशुनपुरा ब्लॉक बाबूराम व भुजौली, सेवरही ब्लॉक के बनवरिया, कप्तानगंज ब्लॉक के कोटवा व देउरवा ग्राम पंचायत में कई तरह की जांच की गई, लेकिन इन ग्राम पंचायतों में एक भी टीबी के मरीज नहीं मिले। ऐसे में इन ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त घोषित कर दिया गया है। ग्राम प्रधानों को सम्मानित करने के बाद डीएम उसी दिन आधिकारिक रूप से टीबी मुक्त ग्राम पंचायत किए जाने की घोषणा करेंगे।