वाहन की चपेट से बहन की मौत, भाई की हालत गंभीर
पकड़ियार बाजार। नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के कप्तानगंज मार्ग पर पकड़िहवा गांव के पास बाइक से जा रहे भाई बहन एक वाहन की चपेट में आ गए। इस हादसे में गंभीर रूप से घायल बहन की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। भाई की हालत गंभीर है।
नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के जगदेवा निवासी मालती (40) कुछ दिन पहले सिंगहा अपने मायके आई थीं। रविवार को मालती के भाई राजेंद्र यादव उन्हें बाइक से लेकर नौरंगिया की तरफ जा रहे थे। अभी कप्तानगंज-नौरंगिया मार्ग स्थित पकड़िहवा गांव के पास पहुंचे ही थे कि सामने से आए एक वाहन की चपेट में उनकी बाइक आ गई। इस हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
मौजूद लोग घायलों की सहायता के लिए अभी कुछ करते, उससे पहले ही मालती की घटनास्थल पर मौत हो गई। बाइक चला रहे राजेंद्र को लोग कोटवा सीएचसी ले गए, जहां उनकी हालत गंभीर देखकर प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में एसओ दिनेश तिवारी ने बताया कि राजेंद्र का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई होगी।