दुदही। नगर पंचायत दुदही के वार्ड नंबर नौ में निर्माणाधीन नाला का घटिया निर्माण देख नपं अध्यक्ष प्रतिनिधि बिफर पड़े। उन्होंने 15 मीटर नाला को जेसीबी से ध्वस्त करा दिया। इसके बाद ठेकेदार को नोटिस जारी कर यह चेतावनी भी दी कि अगर दोबारा ऐसी लापरवाही की गई तो फर्म को ब्लैक लिस्टेड कर दिया जाएगा। दुदही नगर पंचायत के वार्ड नंबर नौ लाल बहादुर शास्त्री नगर में नाला निर्माण का कार्य चल रहा है, जो सीएचसी गेट से प्रमोद जायसवाल के दरवाजे तक 120 मीटर नाला बनना है। इसका नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि इमरान आलम ने 12 अप्रैल को निरीक्षण भी किया था और मानक के विपरीत नाला निर्माण होना पाया। जिस पर ठेकेदार को उन्होंने फटकार लगाते हुए चेतावनी भी दी थी। इसके बाद भी ठेकेदार की ओर से नाला का निर्माण मानक के विपरीत किया जा रहा था। मंगलवार को अध्यक्ष प्रतिनिधि इमरान आलम मौके पर पहुंचे तो उन्होंने गुणवत्ता की जांच की। जेएसबी गिट्टी तीन इंच की जगह दो इंच, छड़ 10 एमएम की जगह आठ एमएम का लगाते हुए पाया। छड़िया छह इंच की जगह पर आठ से 10 इंच पर बांधा जा रहा था। यह देख उन्होंने तत्काल निर्माण को रोकवा दिया और जेसीबी मंगवाकर 15 मीटर नाले को ध्वस्त करा दिया। इसके बाद अध्यक्ष प्रतिनिधि ने ठेकेदार को नोटिस जारी कर यह चेतावनी दी कि अगर दोबारा ऐसा पाया गया तो संबंधित फर्म को ब्लैक लिस्ट कर दिया जाएगा। इस दौरान सभासद उपेंद्र गुप्ता, सलामत अली, लिपिक राकेश लाल श्रीवास्तव, सुधांशु सिंह आदि मौजूद रहे।