सोहरौना गांव में लगी भीड़। स्रोत-सोशल मीडिया
रामकोला (कुशीनगर)। रिश्ते के देवर के प्रेम के चक्कर में एक विवाहिता ने महज तीन साल पहले हुई शादी के बंधन को तोड़ दिया और पति को छोड़कर मायके चली गई। हालांकि इसके कुछ घंटे बाद ही संदिग्ध हालात में उसने जहर खाकर जान दे दी। मायके वाले उसका शव लेकर प्रेमी के घर पहुंच गए और दरवाजे के सामने रख कर लौट गए। यह देख प्रेमी परिवार के साथ घर छोड़कर भाग निकला। करीब 16 घंटे तक शव ऐसे ही घर के बाहर पड़ा रहा। बाद में पुलिस की पहल पर महिला के उसी पति ने शव का अंतिम संस्कार किया, जिसे वह प्रेमी के चक्कर में छोड़ गई थी। मामला सोहरौना गांव का है। नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के विजई छपरा गांव निवासी धुरूप की 25 वर्षीय बेटी मनीषा की शादी करीब तीन वर्ष पूर्व सोहरौना गांव निवासी मन्नू कुशवाहा से हुई थी। दंपती को एक बेटा और एक बेटी है। बताया जा रहा है कि मनीषा का अपनी ससुराल में पड़ोस के रहने वाले रिश्ते के देवर से नजदीकियां बढ़ गई थीं। आठ जनवरी को वह पति व ससुराल वालों से बिना बताए उसके साथ घर से चली गई। मामला पुलिस तक पहुंचा तो नौ जनवरी को रामकोला थाने में पंचायत हुई, जहां मनीषा भी पहुंची। उसने पति के साथ रहने से इनकार कर दिया। इसके बाद वह पिता के साथ मायके चली गई। मायके पहुंचने के बाद उसी रात उसने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे मेडिकल कॉलेज गोरखपुर ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद रविवार रात में मृतका के पिता शव लेकर सोहरौना पहुंचे और शव को मनीषा के उसी रिश्ते के देवर के घर के सामने रख दिए जिसके कारण उसने पति को छोड़ा था और चले गए। शव दरवाजे पर देख देवर और उसके परिवार के लोग घर छोड़कर भाग गए। संवाद