कप्तानगंज (कुशीनगर)। सीतापुर की रहने वाली एक युवती के साथ शादी का झांसा देकर यौन शोषण और फिर गर्भवती होने के बाद युवक द्वारा शादी से इन्कार का मामला सामने आया है। पीड़िता ने एसपी से मिलकर कार्रवाई की मांग की है। सीतापुर जिले के एक गांव की रहने वाली युवती कप्तानगंज कस्बे में किराए के मकान में रहती है। वह यहां मजदूरी करती है। तीन साल पूर्व कप्तानगंज थाना क्षेत्र के एक गांव के रहने वाले युवक से इसकी मुलाकात हुई। दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और नजदीकियां बढ़ गईं। युवती को शादी करने का झांसा देकर युवक ने उसका यौन शोषण किया। दो माह पूर्व युवती गर्भवती हो गई तो शादी के लिए दबाव बनाने लगी। युवक झूठा आश्वासन देकर समय मांगता रहा। कुछ दिन पहले अचानक युवक ने शादी करने से मना कर दिया। इसकी शिकायत युवती ने कप्तानगंज पुलिस से की। पुलिस ने युवक और युवती को 12 मार्च को थाने पर बुलाया। दोनों के बीच पुलिस की मौजूदगी में वार्ता हुई, जिसमें युवक ने शादी के लिए पांच दिन का समय मांगा। इसके बाद 17 मार्च को युवक और युवती कोर्ट में पहुंचे। अधिवक्ता कोर्ट मैरिज के लिए कागजात तैयार कर रहे थे, इसी बीच युवक वहां से भाग निकला। इसके बाद से युवक घर से लापता है और उसके मोबाइल नंबर पर भी बात नहीं हो रही है। युवती का आरोप है कि कप्तानगंज थाने में तैनात पुलिसकर्मी आवास पर आकर धमका रहे हैं। यहां से न्याय मिलना मुश्किल हैं। एसपी संतोष कुमार मिश्रा से मिलकर युवती ने पूरी बात बताते हुए कार्रवाई की मांग की है।