कसया। नगरपालिका परिषद कुशीनगर के वार्ड नंबर चार अंबेडकर नगर भरौली में सोमवार को अचानक आग लग गई। जिसमें सात लोगों के रिहायशी झोपड़ी व टीनशेड घर जलकर राख हो गया। वार्डवासी और फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दिन में करीब 11 बजे नगर के भरौली भुवई टोला में अचानक आग की लपट देख गांव में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। वार्ड के लोगों ने नगरपालिका से पानी का टैंकर मंगवाकर और अपने परंपरागत साधनों का उपयोग करके किसी तरह आग बुझाने लगे। आग विकराल रूप लेने लगी और बगल में बांस की कोठ और पेड़ में पकड़ने के बाद गेंहू की फसल को भी अपने आगोश में ले लिया। तब तक फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंची और आग को काफी मशक्कत के बाद बुझा दिया। वार्डवासी बिचन्डी, रामप्यारे, रामप्रीत, राजेश, साहब, पवहारी, जितेंद्र का रिहायशी घर जलकर राख हो गया। वहीं बगल में रामधीन और रामबृक्ष का गेंहू की फसल करीब पांच कट्ठा भी जल गया। सूचना मिलते ही नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि राकेश जायसवाल ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने में जुट गए और पीड़ित परिवारों को सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।