पडरौना। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की तरफ से जिले में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसमें फूड सेफ्टी ऑन व्हील के तहत खाद्य पदार्थों की जांच की जा रही है। मंगलवार को मंसाछापर व तेजवलिया में जांच कर 56 और फाजिलनगर के बघौच मोड़ व कॉलेज रोड की दुकानों से 39 समेत कुल 95 नमूने एकत्र कर उसकी मौके पर जांच किए। इसमें से 68 नमूने मानक के अनुरूप मिले। विभाग की तरफ से यह अभियान दो जून तक चलाया जाएगा।
सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय अंजनी कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि खाद्य सुरक्षा औषधि प्रशासन जिले में फूड सेफ्टी ऑन व्हील के माध्यम से खाद्य पदार्थों की जांच और जागरूकता कार्यक्रम चला रही है। बताया कि पडरौना, मंसाछापर, तेजवलिया चौराहा, पड़रौना में मिल्क एंड मिल्क प्रोडक्ट के दो नमूने जांच के लिए गए, जो मानक के अनुरूप दोनों सही पाए गए। मिठाई व नमकीन के 26 नमूने लिए गए, जिसमें 15 नमूने मानक के अनुरूप मिले और 11 मानक के विपरीत पाए गए। स्पाइस के 13 नमूने लिए गए, जिसमें 10 मानक के अनुरूप सही व तीन मानक के विपरीत मिले हैं। सीरियल (अनाज) के आठ नमूने लिए, जिसमें से सात नमूने मानक के अनुरूप और एक मानक के विपरीत मिला।
बताया कि इसी तरह फाजिलनगर कस्बा के बघौच मोड़ व कॉलेज रोड की दुकानों से फूड सेफ्टी ऑन व्हील के माध्यम से कुल 39 नमूने एकत्र किए गए, जिसमें से 28 नमूने मानक के अनुरूप और 11 मानक के विपरीत पाए गए। इस दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित कुमार राणा, पवन कुमार गौंड, खाद्य विश्लेषक प्रीति चौबे आदि मौजूद रहे।