पडरौना। स्पोर्ट्स फॉर स्कूल और स्कूली गेम्स की तरफ से जिले में माध्यमिक स्कूली खेलकूद प्रतियोगिता होगी। इसमें बेसिक और माध्यमिक विद्यालयों के कक्षा छह से आठवीं तक के खिलाड़ी शामिल होंगे। इसके लिए जिला खेल कमेटी का गठन किया गया है। प्रतियोगिता में विजेता टीम और खिलाड़ियों को जिला से लेकर प्रदेश स्तर तक की प्रतियोगिता में खेलने का मौका मिलेगा। बीएसए डॉ. रामजियावन मौर्या ने बताया कि माध्यमिक स्कूली खेल कूद प्रतियोगिता में बेसिक शिक्षा विभाग और माध्यमिक विद्यालयों के कक्षा छह से आठवीं तक के खिलाड़ी शामिल होंगे। इसके पहले आयोजित प्रतियोगिताओं में केवल प्राथमिक विद्यालय के खिलाड़ी प्रतिभाग होते थे। उन्होंने बताया कि खेलकूद प्रतियोगिता का सफल आयोजन के लिए जिला खेल कमेटी का गठन किया गया। इसमें डॉ. प्रभातचंद्र राय को जिला खेल सचिव, सुरेंद्र बहादुर सिंह को आयोजन सचिव, राजेश कुमार को कोषाध्यक्ष और रजनीश द्विवेदी को सह कोषाध्यक्ष नामित किया गया है। जिला व्यायाम शिक्षक अनिल कुमार मिश्र ने बताया कि इस प्रतियाेगिता के तहत कस्तूरबा बालिका विद्यालय एक खेल यूनिट के रूप में प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेगी। उन्होंने बताया कि इस बार आयोजित प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित प्रतियोगिता में शामिल कराने की पूरी रणनीति बनाई गई है। इस बार की प्रतियोगिता में स्कूल स्तर से लेकर न्याय पंचायत स्तर एवं ब्लॉक स्तर से लेकर जनपद स्तर की प्रतियोगिता शामिल की गई है। विद्यालय स्तर से बच्चों को न्याय पंचायत स्तर पर खेल के सापेक्ष ट्रायल एवं चयन के आधार पर निर्णय लिया गया है। उन्होंने बताया कि खेल कमेटी में जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष राजेंद्र सिंह, मंत्री छेदी प्रसाद, राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के जिलाध्यक्ष अविनाश शुक्ला, मंडली अध्यक्ष राजेश शुक्ला, प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष अनूप सिंह, रविकांत राय, पवन कुमार आदि को शामिल किया गया है।