कप्तानगंज कस्बे में रेलवे क्राॅसिंग पर बन रहा ओवरब्रिज
जलनिकासी और सर्विस लेन खराब होने की थी शिकायत
संवाद न्यूज एजेसी
कप्तानगंज । पडरौना-कप्तानगंज एनएच 730 पर ओवरब्रिज निर्माण से जलभराव और आवागमन की दिक्कतें लोगों को हो रही हैं। बुधवार को पहुंचे एसडीएम ने प्रोजेक्ट मैनेजर को फटकार लगाई और तत्काल जलनिकासी का इंतजाम करने के निर्देश दिए। ऐसा नहीं होने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।
कप्तानगंज कस्बे में रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज का निर्माण चल रहा है। जल निकासी और सर्विस लेन नहीं होने के कारण राहगीरों और कस्बा के लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसकी शिकायत कई दिनों से लेकर एसडीएम से कर रहे थे।
दोपहर में एसडीएम और इंस्पेक्टर विनय कुमार सिंह पहुंचे। लोगों की शिकायतें सुनने और समस्या देखने के बाद प्रोजेक्ट मैनेजर और इंजीनियर को बुलाकर एसडीएम ने फटकारा। उन्होंने कहा कि सर्विस लेन पर कचड़ा फैला है, चलने लायक नहीं है। कस्बा के कई स्थानों पर जलभराव हो रहा है। इसका इंतजाम कौन करेगा। समाधान नहीं हुआ तो कार्यदायी संस्था इसकी जिम्मेदारी होगी। एसडीएम व्यास नारायण उमराव ने बताया कि प्रोजेक्ट मैनेजर को जलनिकासी और सर्विस लेन को ठीक करने के निर्देश दिए गए हैं।