गांव पहुंचकर एसडीएम न्यायिक ने राजस्व के मामले की जांच की
खड्डा। स्थानीय विकास खंड के ग्राम सभा रामपुर गोनहा के ग्राम प्रधान की शिकायत पर बृहस्पतिवार को उपजिलाधिकारी (न्यायिक) पडरौना कोमल यादव ने चकबंदी व राजस्व टीम के साथ गांव में पहुंचकर राजस्व से संबंधित मामले की जांच की। इस दौरान ग्राम प्रधान सहित तमाम लोगों का बयान दर्ज किया गया। ग्राम प्रधान रामकृपाल कनौजिया ने डीएम को शिकायती पत्र देकर बताया था कि गांव में वर्ष 2003 से चकबंदी प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने चकबंदी कर्मियों पर भू-माफियाओं से मिलीभगत का आरोप लगाया था। ग्राम प्रधान का आरोप था कि गांव में 750 खाताधारक हैं। लेकिन चकबंदी विभाग गांव में कोई कार्य नहीं कर रहा है। जमीन पर कब्जे का भी आरोप था। डीएम ने एसडीएम (न्यायिक) पडरौना को जांच का आदेश दिया था जिसके क्रम में बृहस्पतिवार को एसडीएम (न्यायिक) कोमल यादव ने चकबंदी लेखपाल व अन्य राजस्व कर्मियों की टीम के साथ गांव पहुंचकर जांच-पड़ताल की। ग्राम प्रधान रामकृपाल कन्नौजिया समेत तमाम ग्रामीणों का बयान दर्ज किया। संवाद