पडरौना। शनिवार की रात 9:30 बजे सदर एसडीएम ने नगर में जल रहे अलाव व रैन बसेरा की जांच की। सभी चिन्हित जगह पर अलाव जलते मिले और रैन बसेरा में आठ पुरुष व दो महिला विश्राम करती मिलीं। निरीक्षण के दौरान बिना चादर के दो लोग अलाव के पास शरीर गर्म करते दिखे, उन्हें कंबल दिया गया।
सदर एसडीएम ने नगर के रेलवे स्टेशन, तिलक चौक, बावली चौक, सुबास चौक आदि चिन्हित स्थानों पर अलाव की जांच की। सभी स्थानों पर अलाव जलता मिला। इसके बाद वे जलकल भवन में संचालित स्थाई रैन बसेरा का निरीक्षण किया। वहां आठ पुरुष और दो महिलाएं रुकी थी। सभी जगे थे। इस दौरान दौरान नायब तहसीलदार कुंदन वर्मा, सदर लेखपाल योगेंद्र गुप्ता आदि मौजूद रहे।