गंगुआ बाजार। सेंट्रल बार संघ लखनऊ के आह्वान पर राजस्व न्यायालय तमकुहीराज के अधिवक्ताओं के न्यायिक कार्य से विरत रहने के प्रस्ताव के बावजूद बुधवार को एसडीएम पत्रावलियों की सुनवाई करने लगे। इससे नाराज अधिवक्ताओं ने मोर्चा खोल दिया। अधिवक्ताओं ने न्यायालय व कार्यालय परिसर में प्रदर्शन किया।
बुधवार को सेंट्रल बार एसोसिएशन लखनऊ के आह्वान पर बार संघ तमकुहीराज के अधिवक्ताओं ने बैठक कर न्यायिक कार्य से विरत रहने का निर्णय लिया। बार संघ के पदाधिकारियों ने न्यायिक कार्य ठप रखने संबंधित प्रस्ताव तहसीलदार व एसडीएम न्यायालय को भेज दिया। अधिवक्ता संघ के प्रस्ताव के बावजूद एसडीएम विकास चंद्र कोर्ट रूम में बैठकर पत्रावलियों की सुनवाई करने लगे। इसकी सूचना अधिवक्ताओं को मिलते ही एसडीएम के कार्यप्रणाली के खिलाफ नाराजगी जताई। इसके बाद बार संघ अध्यक्ष अशोक राय की अगुवाई में तहसील के अधिवक्ता न्यायालय कक्ष के सामने विरोध प्रदर्शन कर एसडीएम के कार्यप्रणाली के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। अधिवक्ताओं के आक्रोश देख एसडीएम ने मौके पर पुलिस बुला ली। अधिवक्ताओं के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए एसडीएम पत्रावलियों की सुनवाई बंद कर न्यायालय कक्ष से निकलकर कार्यालय में चले गए। इसके बाद भी अधिवक्ताओं ने एसडीएम कक्ष के सामने नारेबाजी कर विरोध जताया।
00
अधिकवक्ताओं की तरफ से न्यायिक कार्य से विरत रहने के आह्वान का मैंने सम्मान किया। बुधवार को कोर्ट रूम में हाईकोर्ट की कंटेंप्ट संबंधी फाइलों की सुनवाई कर रहा था। किसी भी रेगुलर फाइलों की सुनवाई नहीं की गई। अधिवक्ता पूरी बात समझे बिना ही विरोध प्रदर्शन करने लगे। - विकास चंद, एसडीएम तमकुहीराज।