संवाद न्यूज एजेंसी
गुरवलिया बाजार। वागीश्वरी रामबासी पीजी कॉलेज, गुरवलिया में बीएड चतुर्थ सेमेस्टर एवं डीएलएड प्रथम सेमेस्टर का पांच दिवसीय स्काउट-गाइड शिविर का समापन बुधवार को सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ हुआ। मुख्य अतिथि दीनदयाल गोरखपुर विश्वविद्यालय के प्राणी विज्ञान के प्रोफेसर एवं रेंजर रोवर्स के कॉर्डिनेटर डॉ. विनय कुमार सिंह ने कहा कि छात्र के सर्वांगीण विकास में स्काउट शिविर सहायक होते हैं एवं विद्यार्थी को अनुशासन का पाठ सीखते हैं और उनमें राष्ट्र भावना भी विकसित होती है।
संकटकाल में स्काउट व गाइड अनेक मोर्चों पर देश व देशवासियों की सेवा करते हैं। विशिष्ट अतिथि राज्यपाल पुरस्कार प्राप्त प्रबंधक डॉ. शक्ति प्रकाश पाठक ने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में अपने जीवन को सुखमय और आनंदमय बनाने का दायित्व हमारी सोच पर निर्भर करता है। स्काउट-गाइड प्रशिक्षण से बच्चों की प्रतिभा निखरती है। शिविर के दौरान प्रार्थना सभा, ध्वज गीत, नियम, प्रतिज्ञा टोली विधि, स्काउट गाइड का संक्षिप्त इतिहास, प्राथमिक सहायता, गठबंधन, स्काउट गाइड वर्गीकरण, यूनिट लीडर प्रशिक्षण, ध्वज शिष्टाचार, कैंप फायर, टेंट निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विषय पर शिविरार्थी छात्राओं द्वारा विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।
प्रथम दिन विद्यार्थियों को स्काउट-गाइड प्रार्थना, सिंहनाद आदि की जानकारी दी गई। द्वितीय दिन विद्यार्थियों को प्राथमिक चिकित्सा की जानकारी प्रदान की गई। तृतीय दिन विद्यार्थियों को हाइकिंग पर ले जाया गया और चतुर्थ दिन सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन हुआ।अंतिम व पांचवें दिन बुधवार को तंबू निर्माण एवं कैंप कें दौरान भोजन बनाने के विषय में जानकारी दी गई।
इस दौरान जिला प्रशिक्षक एमडीआई खान, निदेशक आदित्य विशाल पाठक, प्राचार्य डॉ. प्रमोद तिवारी, विनीत मणि त्रिपाठी, अभिषेक त्रिपाठी आदि उपस्थित रहे।