पकवा इनार। बुद्ध इंटर कॉलेज में स्काउट गाइड के तीन दिवसीय शिविर के अंतिम दिन अतिथियों ने प्रशिक्षण की जानकारी ली। शिविर में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टोली को पुरस्कृत किया।
मुख्य अतिथि पूर्व विधायक रजनीकांत मणि त्रिपाठी ने कहा कि स्काउट विद्यार्थियों को दूसरों के लिए जीने की कला सिखाता है। देश के लिए सुयोग्य नागरिक बनाता है। आपातकाल के समय कैसे रहें, सीमित संसाधनों में कैसे अपने लिए भोजन पानी की व्यवस्था करें आदि की सीख मिलती है। प्रधानाचार्य उमेश उपाध्याय ने कहा कि स्काउट एवं गाइड को निस्वार्थ भाव से समाज व राष्ट्र की सेवा का कार्य करना चाहिए। आपदा और संकटग्रस्त लोगों की सहायता करने से आत्मिक संतुष्टि मिलती है। शिविर में प्रशिक्षुओं ने अलग-अलग पोशाक पहन कर कई सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए और आकर्षक रंगोलियां बनाई गई। प्रशिक्षण में छात्र-छात्राओं ने प्रार्थना, झंडा गीत, नियम, प्रतिज्ञा, इतिहास, गांठें बंधन, ध्वज, शिष्टाचार, प्राथमिक चिकित्सा, खोज के चिह्न आदि का प्रशिक्षण प्राप्त किया। शिविर में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए टोली नंबर 36-40 ने प्रथम, 11-15 ने द्वितीय और 21-25 ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इन्हें अतिथियों ने पुरस्कृत किया। समापन कार्यक्रम का संचालन जिला प्रशिक्षण आयुक्त इजहारुल खान ने किया। अंत में स्काउट शिक्षक सुरेश प्रसाद गुप्त ने सभी के प्रति आभार जताया।
इस दौरान लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी, शैलेंद्र प्रताप सिंह, शिवेंद्र पांडेय, लाल बहादुर प्रसाद, शिवानंद धर दूबे, नेहा तिवारी, चित्रांश श्रीवास्तव, राजेश राय आदि मौजूद रहे।