रामकोला। थाना क्षेत्र के दमोदरी गांव के समीप सोमवार की सुबह करीब नौ बजे गन्ना समिति रामकोला में हो रहे चुनाव ड्यूटी में शामिल होने जा रहीं दो महिला कांस्टेबल की स्कूटी कार से टकरा गई। इससे दोनों घायल हो गए। सूचना पर रामकोला एसएचओ आनंद कुमार गुप्ता गांव पहुंचे और घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया, जहां इलाज के बाद एक महिला कांस्टेबल को एक्सरे के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
रामकोला गन्ना समिति के चुनाव के दौरान नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र से महिला कांस्टेबल रेखा व पूजा तिवारी की ड्यूटी लगी थी। नेबुआ नौरंगिया थाने से वे दोनों स्कूटी लेकर रामकोला के लिए निकली। दमोदरी गांव समीप कार से उनकी स्कूटी टकरा गई। इससे सड़क पर गिरकर दोनों घायल हो गए। किसी ने इसकी सूचना एसएचओ आनंद कुमार गुप्ता को दी। इसके बाद दोनों घायल कांस्टेबलों को सीएचसी रामकोला में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टर ने इलाज के बाद महिला कांस्टेबल पूजा को मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। एसएचओ ने बताया कि रेखा तिवारी को मामूली चोटें लगी थीं। पूजा को अधिक चोट लगने के कारण मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।