17 दिन बाद खुले स्कूल, कम पहुंचे विद्यार्थी.
कुछ परिषदीय विद्यालयों में नहीं बना एमडीएम, कुछ स्कूलों में नहीं बंटे दूध
पडरौना। शीतकालीन अवकाश के बाद जिले के सभी परिषदीय विद्यालयों का संचालन बुधवार से शुरू हो गया। करीब 17 दिन बाद स्कूल खुलने पर विद्यालय में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति समान्य दिनों की अपेक्षा आधी रही। कुछ विद्यालयों में एमडीएम भी नहीं बना तो कुछ स्कूल के छात्रों को दूध नहीं दिया गया। बुधवार को यह खामी पडरौना, दुदही, फाजिलनगर और नेबुआ नौरंगिया के स्कूलों में नजर आई।
सुबह दस बजे पडरौना नगर में संचालित कन्या प्राथमिक विद्यालय साहबगंज में तैनात प्रधानाध्यपक सुमन जायसवाल कक्षा तीन में पढ़ाती मिलीं। उन्होंने बताया कि विद्यालय में नामांकित कुल 117 विद्यार्थियों में 70 उपस्थित हैं। सुबह दूध नहीं मिला है, लेकिन एमडीएम का भोजन बन रहा है।
सुबह 11 बजे ब्लॉक के करहिया मठिया हजारी पट्टी स्थित प्राथमिक विद्यालय में नामांकित 87 छात्र-छात्राओं में से 53 उपस्थित मिले। प्रधानाध्यापक संजय सिंह ने बताया कि कई दिन बाद स्कूल खुलने की वजह से छात्रों की उपस्थिति कम है। शत-प्रतिशत छात्र उपस्थिति के लिए अभिभावकों को आज से ही प्रेरित किया जाएगा। इसीतरह नटवा डूमरभार स्थित प्राथमिक विद्यालय में नामांकित 108 छात्रों में 64 उपस्थित मिले। प्रधानाध्यापक अमृतलाल और शिक्षक रीतू कुमारी विद्यार्थियों को पढ़ा रहे थे। प्रधानाध्यापक ने बताया कि ठंड की वजह से विद्यार्थियों की उपस्थिति कम है। उपस्थिति बढ़ाने के लिए अभिभावकों से संपर्क किया जाएगा।
बनकटा बाजार प्रतिनिधि के अनुसार बुधवार सुबह 10:20 बजे प्राथमिक विद्यालय सुमही खुर्द में सभी शिक्षक उपस्थित थे, लेकिन यहां नामंकित 90 छात्रों में से 40 विद्यार्थी उपस्थित थे। प्रधानाध्यापक विश्वजीत ने बताया कि शीतकालीन अवकाश की वजह से छात्रों की उपस्थिति कम है। माध्यमिक विद्यालय भठही दरियाव टोला में सुबह 10:45 तक विद्यार्थी स्कूल नहीं पहुंचे थे। यहां मिड-डे-मील बनाने की तैयारी भी नहीं थी। प्रधानाध्यापक जटाशंकर प्रसाद ने बताया कि स्कूल में कुल 39 छात्र-छात्राओं का नामांकन है। कई दिन बाद स्कूल खुलने की वजह से इस तरह की दिक्कत है। अधिक संख्या में बच्चों के आने पर मिड-डे-मील बनवाया जाएगा।
बरवापट्टी प्रतिनिधि के अनुसार प्राथमिक विद्यालय चौबया पटखौली बाबूराम में बुधवार सुबह 10:10 बजे विद्यालय में नामांकित 124 के सापेक्ष 20 बच्चों की उपस्थिति थे। वहां दो शिक्षक मौजूद थे। प्रधानाध्यापक मनोज कुमार गुप्ता ने बताया कि एक शिक्षक अभी नही पहुंचे हैं। विद्यालय में रसोइया उपस्थित थीं, लेकिन भोजनालय घर में ताला लटका हुआ था।
सुबह 10:22 बजे क्षेत्र में उच्च प्राथमिक विद्यालय चौबया पटखौली में बच्चे पढ़ते मिले। यहां आठ अध्यापक हैं, जिनमें दो शिक्षक राजेश कुमार व शिक्षा मित्र अशोक कुमार राय उपस्थित मिले। स्कूल में नामांकित 175 की जगह 75 बच्चे उपस्थित रहे। सभी रसोइया उपस्थित थीं, लेकिन भोजन नहीं बन रहा था। सुबह 10: 40 बजे प्राथमिक विद्यालय रामपुरपट्टी बकुलहवा के प्रधानाध्यापक रमाशंकर यादव से छात्र संख्या के बारे में पूछने पर उन्होंने कुछ भी बताने से मना कर दिया। विद्यालय में छात्रों की उपस्थिति कम दिखी। विद्यालय के शौचालय में भी ताला लगा था और सफाईकर्मी झाड़ू लगा रहे थे। सुबह 10:55 प्राथमिक विद्यालय खानगी में कुल नामांकित 197 में 70 बच्चे पढ़ते मिले। शौचालय में ताला लगा था। विद्यालय में तैनात कुल पांच अध्यापक में से तीन उपस्थित रहे। मिड-डे-मील नहीं बन रहा था, रसोइया घर में ताला लटका था। प्रभारी संतोष यादव ने बताया कि दो अध्यापक छुट्टी पर हैं। अभी राशन आएगा, तब भोजन बनेगा।
कई दिन बाद स्कूल खुलने पर बुधवार को विद्यार्थियों की उपस्थिति प्रभावित रही है। शत-प्रतिशत छात्र-छात्राओं की उपस्थिति के लिए प्रधानाध्यापकों को निर्देशित किया गया है। कुछ विद्यालयों में साफ-सफाई नहीं मिली है व एमडीएम नहीं बना है। ऐसे विद्यालयों की जांच करके प्रधानाध्यापकों से जवाब तलब किया जाएगा।
पंकज कुमार सिंह, प्रभारी बीएसए