पडरौना। क्रिसमस को लेकर लोगों में बृहस्पतिवार को खासा उत्साह दिखा। उपहारों की बिक्री के लिए बाजार में दुकानें सजने से रौनक बढ़ गई थी। सांता क्लाॅज के लाल कपड़ों, कैप, क्रिसमस-ट्री की बिक्री शुरू हुई। बिक्री होने से दुकानदार भी उत्साहित दिखे। क्रिसमस पर्व ईसाई समाज धूमधाम से मनाता है। इससे पहले ही लोगों ने अपनी तैयारी शुरू कर दी थी। बच्चों से लेकर बड़े तक सांता क्लाॅज ड्रेस की खरीदारी करते दिखे। इसके अलावा मोमबत्ती, गुब्बारों, रंग-बिरंगी झालरों की भी बिक्री हुई। शहर के धर्मशाला रोड स्थित दुकानों पर क्रिसमस से संबंधित सामान खरीदने वालों की भीड़ रही। उपहार देने के लिए मिठाई, खिलौने, क्रिसमस ट्री आदि की मांग खूब रही।