वॉलीबॉल में समस्तीपुर की टीम बनी चैंपियन
पडरौना। आजाद क्लब की ओर से बतरौली बाजार में तीन दिवसीय राज्य स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला रविवार की देर शाम हुआ। इसमें बिहार के समस्तीपुर और भटनी हरैया की टीमों के बीच मैच हुआ। समस्तीपुर की टीम ने मैच जीतकर खिताब पर कब्जा जमाया।
रविवार को फाइनल मैच से पूर्व दो सेमीफाइनल मैच खेले गए। पहला सेमीफाइनल मैच समस्तीपुर की टीम ने 15-11 तथा 15-6 से जीत कर फाइनल मैच में प्रवेश किया। दूसरे सेमीफाइनल मैच में भटनी की टीम 15-10 तथा 15-7 से जीतकर फाइनल में पहुंची। इसके बाद फाइनल मैच समस्तीपुर और भटनी हरैयां के बीच पांच सेट में खेला गया। इसमें समस्तीपुर की टीम 15-6, 15-8 तथा 15-8 से लगातार तीन सेट मैच जीतकर फाइनल मैच की विजेता घोषित हुई। भटनी की टीम उपविजेता बनी।
मैच में मैन ऑफ द सीरीज, मैन ऑफ द मैच और तेज हमलावर का पुरस्कार भटनी के खिलाड़ी निरंकार को मिला। समस्तीपुर के खिलाड़ी रोहित कुमार को दूसरे तेज हमलावर का पुरस्कार दिया गया। फाइनल मैच के मुख्य निर्णायक मकसूद आलम तथा सह निर्णायक मुस्लिम अंसारी व सुरेश प्रसाद रहे। स्कोरर सकील अहमद, लाइनमैन विनोद कुमार गुप्ता व शाहिद अली रहे। अंत में मुख्य अतिथि व जिला कृषि अधिकारी मोतीहारी (बिहार) चंद्रदेव प्रसाद ने विजेता तथा उपविजेता टीम को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।
प्रतियोगिता का संचालन आरिफ लारी व मंजूर आलम ने किया। आयोजन समिति के संरक्षक एवं ग्राम प्रधान ईश्वर शरण यादव ने अतिथियों, खिलाड़ियों एवं दर्शकों के प्रति आभार जताया। इस दौरान आयोजन समिति के सदस्य डॉ. सिराजुलहक अंसारी, सूरज प्रसाद, लालजी शर्मा, शोएब आलम, शौकत अली, मजनू, विजय प्रसाद, अमानुर्रहमान अंसारी, नकीब आलम, प्रदीप शर्मा आदि मौजूद रहे।