- एक तरफ ग्रामीण सड़कों पर बसों का टोटा, दूसरी ओर हाथ देने पर नहीं रुक रही निगम की बसें
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। रोडवेज बस चालक या फिर विभाग के अधिकारियों की बेफिक्री की वजह से लोगों को रोडवेज बसों का लाभ नहीं मिल पा रहा है। निगम की तरफ से निर्धारित किए गए स्थानों पर रोडवेज बसें नहीं रुकती हैं। इसकी वजह से यात्रियों को डग्गामार वाहनों का सहारा लेना पड़ता है। वहीं मुख्य ग्रामीण क्षेत्र की सड़कों पर भी बसों का टोटा है, जिससे यात्री परेशान हैं।
राष्ट्रीय राजमार्ग पर पटहेरिया, फाजिलनगर, मल्लूडीह, पकवाइनार सहित कई स्थानों पर रोडवेज बसों को रोककर यात्रियों को लेने के निर्देश अधिकारियों ने दिए हैं। लेकिन इन स्थानों पर बस चालक बस को नहीं रोकते। इसके चलते तमकुहीराज से सुकरौली के बीच पड़ने वाले लतवा चट्टी, पटहेरिया, बघौच मोड, मल्लूडीह, प्रेमवालिया, हेमितपुर समेत अन्य कई प्रमुख स्थानों पर यात्रियों को डग्गामार वाहनों को सहारा लेना पड़ता है। क्षेत्र के लोग इन स्थानों पर रोडवेज की बसों को रोकने की परिवहन निगम के उच्चाधिकारियों से मांग की है। वहीं ग्रामीण क्षेत्र की मुख्य सड़क जो जिला मुख्यालय और बिहार को जोड़ती हैं। इस संबंध में पडरौना डिपो के एआरएम राकेश कुमार ने बताया कि सभी बस चालक और परिचालकों को निगम की तरफ से निर्धारित बस स्टॉप पर रुकने के लिए निर्देश दिया गया है। यदि वहां बस नहीं रुकने की शिकायत मिलती है तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।