पडरौना। पर्यटन विकास परियोजना के तहत चल रहे निर्माण कार्य और फाजिलनगर के पावानगर स्थित जैन मंदिर धर्म सागर दिगंबर जैन निलय, तीर्थकर महावीर निर्वाण स्थली, बुद्ध अंतिम भोजन स्थली, पावानगर पोखरा आदि का शुक्रवार को डीएम ने निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को वाकिंग रैंप की मरम्मत कर पोखरे का सुंदरीकरण कराने का निर्देश दिया।
डीएम उमेश मिश्र ने फाजिलनगर के ईओ व कसया ज्वाइंट मजिस्ट्रेट से क्षेत्र के सभी पर्यटन स्थल और उसके आसपास स्थित सरकारी भूमि के बारे में जानकारी ली। पावानगर पोखरा के निरीक्षण मेें खराब हो रहे वाकिंग रैंप की इंटरलॉकिंग को दुरुस्त कर पोखरे का सुंदरीकरण कराने का निर्देश दिया। वे जैन मंदिर पहुंचे, जहां मंदिर के परिसर में हो रहे निर्माण कार्य, भवन नक्शा, हॉल आदि का जायजा लिया। डीएम ने कहा कि सभी निर्माण कार्य मानक के अनुरूप होने चाहिए। उन्होंने पावनागर पर्यटन स्थल पर पर्यटकों के लिए सभी मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता कराने के लिए ईओ को निर्देश दिया। उन्होंने महात्मा बुद्ध के अंतिम भोजन स्थल, महावीर निर्वाण भूमि आदि का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिया। इस दौरान सीडीओ गुंजन द्विवेदी, कसया ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अंकित जैन आदि मौजूद रहे।