झाड़ियों से ढक गए रिफ्लेक्टर, दुर्घटना की आशंका
- सड़क पर आवागमन के दौरान लोगों को होती है परेशानी
मोड़ पर नजर नहीं आते वाहन
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरवलिया बाजार। तुर्कपट्टी-फाजिलनगर मार्ग स्थित डेंजर प्वाइंट पर गांगीटीकर टेढ़िहवा पुलिया के पास रिफ्लेक्टर झाड़ियों से ढक गए हैं। इससे दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। दुर्घटना रोकने और पुलिया की विजिबिलिटी बढ़ाने के लिए झाड़ियों को साफ कराकर रिफ्लेक्टर लगाए गए थे। लेकिन पहली बरसात के बाद झाड़ियों के बढ़ने से वह छिप जा रहे हैं। पुलिया के पास यू टर्न होने से दिन में किसी तरह से लोग आवागमन तो करते हैं, लेकिन रात में परेशानी होती है।
तुर्कपट्टी-फाजिलनगर मार्ग पर स्थित टेढ़िहवा पुलिया संकरी है। सड़क की चौड़ाई की अपेक्षा पुलिया एक मीटर कम चौड़ी है। आरसीसी रोड पर पुलिया यू टर्न पर स्थित है। संकरी पुलिया और घुमावदार रास्ता होने से अक्सर दुर्घटना होती थी। मार्च माह में श्रद्धालुओं की पिकअप पुलिया में गिरने से 25 लोग घायल हो गए थे। वहीं बोलेरो पलटने से 10 बाराती भी घायल हुए थे। यू टर्न होने की वजह से आए दिन दुर्घटना होने पर अमर उजाला ने समाचार का प्रकाशन भी किया। इसके बाद पुलिया की रेलिंग बनाई गई। जबकि विधायक ने नई पुलिया का प्रस्ताव भेज दिया। नई पुलिया बनने के पूर्व रिफ्लेक्टर, सांकेतक, ब्रेकर और बोर्ड लगाने की मांग होने पर लोक निर्माण विभाग ने 50 नाइट रिफ्लेक्टर, एक दुर्घटना चेतावनी बोर्ड और चार स्पीड ब्रेकर बनवा दिए। इसके बाद दुर्घटनाओं पर लगाम लग गया। लेकिन बारिश होने पर झाड़ियां बढ़ने से रिफ्लेक्टर ढक गए हैं। रात में यू टर्न न दिखाई देने और रिफ्लेक्टर ढकने से दुर्घटना की आशंका बढ़ गई है।
पहले थे दो दुर्घटना सचेतक बोर्ड, अब एक
तुर्कपट्टी - फाजिलनगर सड़क के दोनों छोर से गुजरने पर संकरी पुलिया है, धीरे चलें का संकेतक बोर्ड लगाया गया था। लेकिन एक तरफ का बोर्ड टूट गया है। तुर्कपट्टी से फाजिलनगर की तरफ जाने वाले लोगों को इस छोर से पुलिया पार करने में दिक्कत हो रही है।
जलभराव से टूट रही आरसीसी सड़क, परेशान हो रहे लोग
सूर्य मंदिर होकर नेशनल हाईवे-28 और कसया-सेवरही को जोड़ने वाली नौ किमी तुर्कपट्टी-फाजिलनगर सड़क पानी बरसने पर टूटने लगी है। दो साल पूर्व लगभग 17 करोड़ लागत से आरसीसी सड़क का निर्माण हुआ था। गड्ढों में जलभराव से सड़क जगह-जगह से टूट गई है। भलुही चौराहा और देवपोखर चौराहा पर जलभराव है। इन जगहों के पास दो निजी विद्यालय और एक गैस एजेंसी है। स्कूली बच्चों के साथ अन्य राहगीरों को भी दिक्कत हो रही है।
पुलिया के पास सुरक्षा संकेतक बोर्ड लगवाया जाएगा। पुलिया के चौड़ीकरण के लिए प्रयास जारी है। सड़क किनारे झाड़ियों को साफ कराया जाएगा, ताकि रिफ्लेक्टर साफ-साफ नजर आए।
- मृत्युंजय कुमार झा, एक्सईएन, लोक निर्माण विभाग