पुलिस, पीएसी जवानों को बांधी राखी
पडरौना। नगर के उदित नारायण इंटर कॉलेज में पीएसी जवानों को राखी बांधकर छात्राओं ने रक्षा बंधन मनाया। महिला संगठन की पदाधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को राखी बांधकर सुरक्षा का वचन लिया।
उदित नारायण इंटर कॉलेज में पीएसी जवानों का कैंप लगा है। ये लोग रक्षाबंधन के त्योहार पर भी घर से दूर हैं। इसको देखते हुए कॉलेज की छात्रा नीलू, उषा कुशवाहा, रागिनी सिंह, राधिका कुशवाहा, नासरीन खातून, प्रिया मिश्रा, परिधि मिश्रा, साइना खातून, पायल, निशा और सोनम खातून ने पीएसी जवान नन्हें गोंड, प्रभाकर पांडेय, आलोक पाल, प्रियांशु यादव, शिवम प्रजापति, लोकश राय समेत सभी को राखी बांधी।
इसके पहले कॉलेज में तिरंगा यात्रा का शुभारंभ करने पहुंचे सदर विधायक मनीष जायसवाल को भी छात्राओं ने राखी बांधकर उनके लंबे जीवन की कामना की। इस दौरान प्रधानाचार्य सुरेंद्र कुमार सिंह, उपप्रधानाचार्य सुरेश प्रताप सिंह, कैप्टन राजीव यादव, अरविंद सिंह समेत अन्य शिक्षक मौजूद रहे।
मारवाड़ी युवा मंच चेतना महिला शाखा की तरफ से देवरिया जेल में रक्षाबंधन मनाया गया। जेल के अधिकारियों को रक्षासूत्र बांधकर महिलाओं ने सुरक्षा का वचन लिया। आजादी के अमृत महोत्सव कार्यक्रम के तहत महिला संगठन ने जुर्माना जमा कराकर दो बंदियों को रिहा कराया। अपराध की सजा काट रहे सतीश चौहान थाना सलेमपुर और कल्लू कुर्मी थाना सलेमपुर, जो कारावास की अवधि पूरी कर चुके थे, लेकिन उनका अर्थ दंड जमा नहीं होने से वह देवरिया जेल में थे। महिला संगठन ने उनका जुर्माना जमा कराकर जेल से रिहा कराया। इस दौरान जिलाध्यक्ष मीनू जिंदल, अनु अग्रवाल, रश्मि टिबड़ेवाल, प्रीति अग्रवाल आदि मौजूद रहीं।