खड्डा। क्षेत्रीय विधायक मंगलवार की दोपहर गंगवाछपरा गांव पहुंचे। उन्होंने राजेश के परिजनों से मुलाकात कर ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि राजेश के हत्यारोपी बख्शे नहीं जाएंगे। इसमें थानाध्यक्ष हनुमानगंज के भूमिका की जांच कर कड़ी कार्रवाई होगी। इसकी विवेचना दूसरे थाने से कराई जाएगी।
खड्डा विधायक विवेकानंद पांडेय मंगलवार को हनुमानगंज थाना क्षेत्र के ग्राम हनुमानगंज के गंगवाछपरा टोला पहुंचे। उन्होंने गांव के मृतक राजेश चौहान के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढ़ाढस बंधाया। विधायक ये पीड़ित सहित गांव के लोगों ने थानाध्यक्ष हनुमानगंज के क्रिया-कलाप की आलोचना करते हुए तत्काल हटाने की मांग की। इस मुकदमे की विवेचना दूसरे थाने से कराने व बाकी बचे आरोपियो की गिरफ्तार कराने की बात कही। इस पर विधायक ने तत्काल एसपी से फोन पर बात कर विवेचना दूसरे थाने से कराने और थानाध्यक्ष की भूमिका की जांचकर कार्रवाई की बात कही।
बीते 22 फरवरी की रात राजेश चौहान को दावत के लिए घर में बुलाकर पिटाई की गई थी। इलाज के दौरान तीन मार्च को उनकी मौत हो गई थी। सोमवार को लोगों ने शव रखकर प्रदर्शन भी किया था। मामला दो समुदाय का होने के चलते पुलिस गांव पर नजर बनाए हुए है।
विधायक विवेकानंद पांडेय ने बताया कि शोक संतप्त परिजनों से मिलकर उनका दुख दर्द बांटा हूं। थानाध्यक्ष की शिकायत लोगों ने किया है। विवेचना दूसरे थाने से कराने की भी मांग की है। इसके लिए एसपी से वार्ता की गई है, आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।