सड़कों में बने गड्ढों में पानी भर जाने के कारण आवागमन में दिक्कतें हुईं। अंबे चौक पर भी जलभराव के कारण काफी असुविधा हुई। बहुत से लोगों को दूसरे रास्तों से आवागमन करना पड़ा। नौका टोला मोहल्ले में पानी भरने से लोग दिनभर परेशान रहे। रामकोला-कप्तानगंज मार्ग से लक्ष्मीगंज जाने वाली सड़क पर पानी बहने से आवागमन में परेशानी हुई।
नगर में बुधवार की रात 11 बजे से हो रही बारिश से निचले क्षेत्रों की सड़कों पर पानी भर गया। इसी तरह छावनी बाईपास रोड, कठकुइयां मोड़ व मार्ग से निकलने वाले बाईपास रोड, अंबे चौक सहित कई जगह जलभराव के कारण लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कुछ जगहों पर गलियों और लोगों के घरों में भी पानी भर जाने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। हालांकि, सूख रही धान एवं गन्ना की फसलों को बारिश से लाभ पहुंचने की उम्मीद जताई गई है।
विज्ञापन
बुधवार की रात करीब 11 बजे से शुरू हुई तेज बारिश से पडरौना शहर के कई मोहल्लों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। रफी अहमद किदवई नगर से छावनी पूर्वी होते हुए निकली बाईपास सड़क पर जगह-जगह घुटने भर पानी भर जाने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इन मोहल्लों में कई लोगों के घरों में भी गंदा पानी घुस गया। उन्हें पानी निकालने के लिए परेशान होना पड़ा। इस मोहल्ले के निवासी जयमंगल चौधरी, मनोज चौधरी, राकेश चौधरी, मुकेश चौधरी, नबीउल्लाह, मोदस्सीर, समीउल्लाह सहित कई लोगों ने बताया कि दरवाजे पर घुटने भर पानी लगा है।
मुगलपुरा निवासी रमजान अली, अलगू, दुक्खी, मोहम्मद खलील आदि ने बताया कि बारिश के बाद घरों में पानी घुस गया। इससे काफी परेशानी हुई। इसी तरह तिलक नगर में भी बारिश के दौरान सड़कों पर पानी भरा रहा। लोग घरों से बाहर निकलने से परहेज करते रहे। मुगलपुरा में भी लोगों के दरवाजे के आगे सड़कों पर पानी भरा रहा, जिससे आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इसी तरह अंबेडकर नगर, हथिसार मोहल्ला, फुलवारी दरबार सहित कई स्थानों पर लोगों को बारिश और जलभराव के चलते दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कठकुइयां मोड़ से बेलवा चुंगी होते हुए खिरकिया जाने वाली बाईपास सड़क पर भी जगह-जगह जलभराव के चलते लोग परेशान हुए।
सड़कों में बने गड्ढों में पानी भर जाने के कारण आवागमन में दिक्कतें हुईं। अंबे चौक पर भी जलभराव के कारण काफी असुविधा हुई। बहुत से लोगों को दूसरे रास्तों से आवागमन करना पड़ा। नौका टोला मोहल्ले में पानी भरने से लोग दिनभर परेशान रहे। रामकोला-कप्तानगंज मार्ग से लक्ष्मीगंज जाने वाली सड़क पर पानी बहने से आवागमन में परेशानी हुई।
कसया नगर में बुधवार की रात से शुरू बारिश का क्रम बृहस्पतिवार को भी पूरे दिन जारी रहा। कसया नगर के वार्डों से गुजरने वाली सड़कों पर जलभराव की स्थिति बनी रही। नगरपालिका कुशीनगर के वार्ड-12 वीर अब्दुल हमीदनगर की सड़क पर जलनिकासी का इंतजाम न होने से बारिश का पानी भर गया। इसके अलावा गांधी चौक के पास तहसील जाने वाले रास्ते पर जलभराव से राहगीरों को परेशानी हुई।
तेज हवा में गिरी फसल
नेबुआ नौरंगिया। विशुनपुरा क्षेत्र के खजुरिया, ढोरही, सरपतही, पिपरा, धर्मपुर, नरचोचवा, मिठहा माफी, मोतीपुर, चितहां, कुकुरहा, भुजौली शुक्ल, पटेरा, खेसिया, लीलाधर छपरा आदि गांवों में धान व गन्ने की फसल तेज हवा और बारिश के कारण ढह गई हैं। इससे किसानों को फसलों के नुकसान होने की चिंता सता रही है।