खड्डा। गन्ना लेकर जा रही ट्रैक्टर-ट्राली से रेलवे का फाटक टूट गया। इस वजह से खड्डा कस्बे के सुभाष चौक पर दोनों तरफ लंबा जाम लग गया। दो घंटे बाद यातायात बहाल हो सका। गुवाहाटी-जम्मूतवी एक्सप्रेस ट्रेन को दस मिनट रोकना पड़ा। रेलवे पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्राॅली को कब्जे में ले लिया है।
बृहस्पतिवार को खड्डा रेलवे स्टेशन के पूर्वी समपार फाटक (सुभाष चौक) से होकर चीनी मिल पर जा रही गन्ना लदी ट्रॉली व ट्रैक्टर में गेट का उत्तरी हिस्सा फंसकर टूट गया। गेटमैन संजय साहनी ने ट्रैक्टर-ट्राली को रोक लिया व रेलवे कंट्रोल रूम को सूचना दी। इस दरम्यान गुवाहाटी से जम्मू जा रही ट्रेन को दस मिनट के लिए पूर्वी आउटर सिग्नल पर रोकना पड़ा। गेट टूट जाने से दोनों तरफ जाम लग गया। लोगों को एक किलोमीटर चक्कर लगाकर सोहरौना रेलवे क्रासिंग से आना-जाना पड़ा। लगभग दो घंटे की मशक्कत के बाद गेट के क्षतिग्रस्त हिस्से को हटाया गया।
आरपीएफ के एसआई कमलेश पांडेय ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्राली का फाटक तोड़ने के आरोप में चालक के विरुद्ध रेलवे अधिनियम में कार्रवाई की जा रही है। ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर कप्तानगंज रेलवे थाने ले जाया जा रहा है।