समउर बाजार। पिपरा कनक-पटहेरवा मार्ग स्थित मीर माइनर पर बनी पुलिया की रेलिंग क्षतिग्रस्त हो गई है। इससे राहगीरों में हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। क्षेत्र के लोगों का आरोप है कि इसकी शिकायत कई बार सिंचाई विभाग के अधिकारीयों से की गई, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
इस मार्ग से चैनपट्टी, गगलवा, बसंतपुर, मीर बिहार, परसौनी खुर्द आदि गांवों के लोग आवागमन करते हैं। चैनपट्टी गांव के पास मीर माइनर पर बनी पुलिया की रेलिंग क्षतिग्रस्त हो गई है। इस रास्ते गुजरने वाले वाहन चालकों को हमेशा दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है।
गगलवा निवासी इफ्तेखार अहमद बरकाती ने कहा कि पुल की रेलिंग मरम्मत कराने के लिए कई बार सिंचाई विभाग के अधिकारियों से की गई, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। क्षेत्र के गुड्डू सिद्दीकी, मुस्ताक अंसारी, अमीर आलम, सगीर आलम, रौनक अली आदि ने क्षतिग्रस्त पुलिया की रेलिंग बनवाने की मांग की है।
इस संबंध में सिंचाई विभाग के एसडीओ रामायण पांडेय ने बताया कि पुलिया की रेलिंग क्षतिग्रस्त होने की जानकारी है। इसकी मरम्मत के लिए प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा जाएगा। स्वीकृति मिलते ही मरम्मत करा दी जाएगी।