हाटा। पंजाब पुलिस ने मंगलवार को हाटा कोतवाली क्षेत्र के एक गांव से सामूहिक दुष्कर्म के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर हाटा कोतवाली लेकर पहुंची। पुलिस कस्टडी में देने के बाद पंजाब पुलिस कागजी कार्रवाई पूरी कर रही थी। इसी बीच दोनों आरोपी पुलिस को झांसा देकर फरार हो गए। पंजाब पुलिस ने हाटा पुलिस की लापरवाही बताते हुए उच्चाधिकारियों को सूचना दी। हाटा कोतवाली पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है। देर शाम तक उनका पता नहीं चल सका।
हाटा कोतवाली क्षेत्र के थरुआडीह गांव के चार लोगों के खिलाफ पंजाब के लुधियाना जिले के टिब्बा थाने में सामूहिक दुष्कर्म का केस दर्ज है। इस मामले में फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टिब्बा थाने के उपनिरीक्षक अमरजीत सिंह व श्याम सिंह अपनी टीम के साथ पहुंचे। हाटा पुलिस की मदद से पंजाब पुलिस ने आरोपी सगे भाई बीरेंद्र और रविंद्र को गिरफ्तार कर लिया। इसी गांव के रहने वाले बाकी दो आरोपी फरार हो गए। पंजाब पुलिस हाटा कोतवाली में आरोपियों को पुलिस कस्टडी में देने के बाद कागजी कार्रवाई पूरा करने में जुट गई। इस दौरान गिरफ्तार आरोपियों से मिलने के लिए एक महिला और एक पुरुष अंदर गए और पहरा पर तैनात पुलिसकर्मी बिना किसी से पूछे मिलने के लिए भेज दिया। मुलाकात करने के बाद महिला और पुरुष बाहर निकले तो उन्हीं लोगों के साथ आरोपी भी निकल गए और पुलिसकर्मी ध्यान नहीं दिए। कागजी कार्रवाई पूरा करने के बाद पंजाब पुलिस आरोपियों को लेकर जाने के लिए निकली तो आरोपी फरार थे। इसकी जानकारी पंजाब पुलिस ने अपने उच्चाधिकारियों को दी। हाटा कोतवाल टीम के साथ आरोपियों को ढूंढ़ रहे हैं, लेकिन सफलता नहीं मिली है। पंजाब पुलिस देर रात तक हाटा कोतवाली में बैठी रही। आरोपियों से मिलने आई महिला, पुरुष को हाटा पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। कसया सीओ कुंदन सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम लगाई गई है।